मां दुर्गा को समर्पित शारदीय नवरात्र का महापर्व चल रहा है. देवी के हर मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. क्या आप जानते हैं कि मां दुर्गा का सबसे ऊंचा मंदिर कहां है. बेगूसराय में भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे ऊंचा दुर्गा मंदिर है. देवी का यह मंदिर करीब 11 मंजिल और 221 फीट ऊंचा है. इस बड़की मंदिर भी कहा जाता है. यहां करीब 100 साल से देवी की एक ही रूप की प्रतिमा बनाई जाती है. कहते हैं कि यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है.
ऐसा बताया जाता है कि देवी दुर्गा का यह मंदिर बेगूसराय के बिहट गांव में करीब 100 साल से मौजूद है. इससे पहले यह गंगा किनारे मल्हीपुर गांव में था. लेकिन बाढ़ की वजह से इसे बिहट में स्थापित किया गया. इसकी एक वजह यह भी थी कि बिहट गांव ऊंचे स्थान पर था. आज इस मंदिर में दर्शन के लिए लोग दूर-दूर से यहां आते हैं.
साल 2009 में दुनिया के सबसे ऊंचे मंदिर के रूप में इसका निर्माण कार्य शुरू किया गया. 2014-15 में यह दुनिया के सबसे ऊंचे दुर्गा मंदिर के रूप में बनकर तैयार हुआ. ऐसा कहा जाता है कि मुगल कालीन समय में राजस्थान के राजपूताना घराने के लोगों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू की थी. तभी से यहां मां दुर्गा का पूजा करने की परंपरा चली आ रही है.
विजयदशमी पर लगता है भव्य मेला
मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि सिद्ध पीठ बड़की दुर्गा मंदिर के नाम से स्थापित इस दिव्य धाम में सालों से पिंडी पूजा होती है और करीब 100 साल से यहां एक ही रूप की मां दुर्गा की प्रतिमा बनाई जाती है. मान्यता है कि यह मांगी गई हर मुराद पूरी होती है. इसलिए लोग बिहार ही नहीं, बल्कि भारत के अलग-अलग राज्यों से यहां पूजा-अर्चना करने आते हैं. दशहरा पर करीब 10 दिनों तक इस मंदिर में भव्य आरती का आयोजन किया जाता है, जहां हजारों की संख्या में लोग शाम के समय हाथों में दीप लिए मां दुर्गा की आरती में शामिल होते हैं.