मध्य प्रदेश के जिस जिले मुरैना में IPS नरेंद्र कुमार की हत्या हुई, वहीं रेत माफिया ने फॉरेस्ट विभाग के एक कांस्टेबल की ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर हत्या कर दी. यह घटना मुरैना के दिमनी इलाके के रानपुर तिराहे पर बुधवार की सुबह हुई. घटना के बाद आरोपी माफिया फरार हो गए हैं. मृतक कांस्टेबल का नाम हरिकेश गुर्जर बताया गया है.
दरअसल, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे वन विभाग की एक टीम रानपुर तिराहे पर बीट गश्त कर रही थी, तभी उन्हें हम वहां रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली दिखे. फॉरेस्ट विभाग की टीम ने इन अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ने की कोशिश की तो रेत से भरे एक ट्रैक्टर के चालक ने फॉरेस्ट विभाग के कांस्टेबल हरिकेश गुर्जर को ट्रैक्टर ट्राली से कुचल दिया.
हरिकेश गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई और घायल को जिला अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. आरोपियों की पहचान कर ली गई है. मामला दर्ज करने की कार्रवाई जारी है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. देखें VIDEO:-
8 मार्च 2012: वो जख्म जो कभी नहीं भरा
आज की घटना ने 14 साल पहले हुए IPS नरेंद्र कुमार हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं. 8 मार्च 2012 को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में घटी एक घटना ने सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. अवैध खनन के लिए कुख्यात इलाके में साल 2009 बैच के IPS अफसर नरेंद्र कुमार को बेरहमी से कुचलकर मार डाला गया था.
यह भी पढ़ें: MP के खनन माफिया ने ली थी IPS नरेंद्र की जान, दिल्ली CM की सेक्रेटरी हैं पत्नी
इस दिल दहलाने वाली घटना में माफिया ने जानबूझकर पत्थरों से भरी एक ट्रॉली नरेंद्र पर चढ़ा दी, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हत्याकांड ने उस समय पूरे प्रदेश में सनसनी मचा दी थी और आज भी इस घटना की यादें लोगों के जेहन में ताजा हैं. तेज तर्रार युवा IPS अफसर नरेंद्र कुमार IAS मधु रानी तेवतिया के पति थे. मधुरानी इन दिनों दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सचिव हैं.