scorecardresearch
 

Sabudana Chilla Recipe: व्रत में आलू-कुट्टू की पूड़ी से हो गए हैं बोर? साबूदाना से झटपट बनाएं क्रिस्पी चीला, रेसिपी है आसान

Sabudana Chilla Recipe: नवरात्रि व्रत में अगर आप आलू और कुट्टू की पूड़ी खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार साबूदाना का चीला ट्राई कर सकते हैं. इसे साबूदाना, उबले आलू और व्रत वाले आटे से आसानी से बना सकते हैं. आज हम आपको साबूदाना से क्रिस्पी चीला बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.

Advertisement
X
नवरात्रि व्रत में बनाएं साबूदाना का चीला (Photo- ITG)
नवरात्रि व्रत में बनाएं साबूदाना का चीला (Photo- ITG)

Sabudana Chilla Recipe: नवरात्रि व्रत में अगर आप रोज आलू और कुट्टू की पूड़ी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ अलग व टेस्टी खाना चाहते हैं तो साबूदाना का चीला ट्राई कर सकते हैं. साबूदाना और उबले आलू से बनने वाली यह डिश खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ बनाने में भी आसान है. इसे तैयार करने के लिए साबूदाना, आलू और व्रत में इस्तेमाल होने वाले आटे की जरूरत होती है.

आप चाहें तो इसमें हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं. इस चीले को आप हरी चटनी, दही या मूंगफली की चटनी के साथ परोस सकते हैं. तो आइए जानते हैं साबूदाना का चीला कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

1 कप साबूदाना

2 बड़े चम्मच सिंघाड़े का आटा या कुट्टू का आटा

2 उबले हुए आलू

सेंधा नमक स्वादानुसार

1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)

1 छोटी चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक

2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया

½ छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर

घी या तेल जरूरत के अनुसार

साबूदाना से क्रिस्पी चीला कैसे बनाएं?

  1. सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोकर 6-8 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें. जब साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए, तो उसका बचा हुआ पानी निकाल दें. अब साबूदाने को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर मुलायम पीस लें.
  2. इसके बाद पिसे हुए साबूदाने को एक बड़े बर्तन में निकालें और उसमें उबले हुए आलू मैश करके मिला दें. अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, हरा धनिया और कुट्टू या सिंघाड़े का आटा डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें. अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा पानी मिला सकते हैं.
  3. अब तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा घी या तेल लगाएं. तैयार मिश्रण की एक करछी तवे पर डालकर गोल आकार में फैलाएं. चीले को मध्यम आंच पर पकने दें. जब नीचे की तरफ से चीला सुनहरा होने लगे तो उसे सावधानी से पलट दें. दूसरी तरफ भी थोड़ा घी या तेल लगाकर अच्छी तरह सेंक लें. जब चीला दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो उसे प्लेट में निकाल लें.
  4. गरमागरम साबूदाना का चीला तैयार है. इसे व्रत वाली हरी चटनी, दही या मूंगफली की चटनी के साथ परोस सकते हैं.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement