दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे विपक्ष के प्रदर्शनों के बीच, तेलंगाना में सियासत गरमा गई है. मंगलवार को जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार के खिलाफ मोर्चा खोला, वहीं BRS के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने राहुल गांधी को 'पाखंडी' करार दे दिया.
KTR ने कांग्रेस पर संविधान और लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस ने ही तेलंगाना में 'सबसे बड़े वोट चोर' को जन्म दिया है.
KTR ने कांग्रेस समर्थकों को भी करारा जवाब दिया. दरअसल, KTR BRS के संस्थापक और तेलंगाना के पहले मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) के बेटे हैं. वो अपने पिता की सरकार में मंत्री रहे हैं और बाद में BRS के कार्यकारी अध्यक्ष बने. इसी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर कुछ कांग्रेस समर्थकों ने 'नेपो किड' कहा था.
राहुल गांधी को दिया 'नेपो किड' का ताना
इस पर पलटवार करते हुए KTR ने 'एक्स' पर कहा, 'ये उस पार्टी की तरफ से कहा जा रहा है जिसका नेता नेहरू की बेटी के बेटे का बेटा हो.' ये तंज राहुल गांधी पर था, जो जवाहरलाल नेहरू के परपोते और इंदिरा गांधी के पोते हैं.
KTR का ये हमला सिर्फ वंशवाद तक सीमित नहीं था. इसके पीछे दिल्ली का सियासी ड्रामा और तेलंगाना में BRS नेता मन्ने कृष्णंक की गिरफ्तारी भी वजह थी. तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में है और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ बीआरएस का राजनीतिक संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है.
दिल्ली में राहुल गांधी और 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची के SIR में गड़बड़ को लेकर चुनाव आयोग तक मार्च निकाला था. पुलिस बैरिकेड्स रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन के परिसर में दाखिल हुए और घंटों धरना दिया. बाद में दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और अनधिकृत प्रवेश को लेकर FIR दर्ज की.
राहुल गांधी को कहा कायर और दबंग
इसी हंगामे को आधार बनाते हुए केटीआर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, लेकिन एक कायर, दबंग और अलोकतांत्रिक इंसान की तरह बर्ताव करते हैं.' केटीआर ने आरोप लगाया कि गांधी राष्ट्रीय स्तर पर संविधान का उपदेश देते हैं, लेकिन अपने 'कठपुतली' मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के जरिए तेलंगाना में अराजकता फैला रहे हैं और दलबदल को बढ़ावा दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'PM मोदी का बाल भी बांका नहीं कर सकते राहुल गांधी', बोले हिमंता बिस्वा सरमा
उन्होंने आगे कहा, 'वो सड़कों पर वोट चोरी का शोर मचाते हैं, लेकिन तेलंगाना के सबसे बड़े वोट-चोर और वोट-फॉर-नोट के सौदागर को मुख्यमंत्री बना दिया.' उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गांधी किसी पर भी बेबुनियाद आरोप लगा सकते हैं, लेकिन जब BRS नेता कृष्णंक ने रेवंत रेड्डी परिवार के भ्रष्टाचार के सबूतों पर सवाल उठाया, तो उन्हें गिरफ्तार करवा दिया गया.
केटीआर ने अपने पोस्ट के आखिर में राहुल गांधी से अपील की कि वो अपनी इस राजनीति को रोकें और देश के संविधान का मजाक उड़ाना बंद करें.