हैदराबाद के आजमपुरा इलाके में एक कपड़े की दुकान पर काम करने वाली 35 साल की महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे मनहा होलसेल क्लॉथ स्टोर में हुई. मृतका की पहचान ताहेरा भानु के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में दुकान के पूर्व कर्मचारी मोहम्मद इब्राहिम को अरेस्ट किया गया है.
आरोपी दुकान पर पहुंचा और कथित तौर पर चाकू से ताहेरा पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई. महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना चादरघाट पुलिस स्टेशन की सीमा में हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 9 बजकर 40 मिनट पर हुई. जगह थी हैदराबाद के आजमपुरा इलाके में सहीफा मस्जिद के पास स्थित होलसेल क्लॉथ स्टोर. यह इलाका चादरघाट पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है. ताहेरा भानु दुकान पर काम कर रही थी. पुलिस के अनुसार, दुकान पर पहले काम कर चुका मोहम्मद इब्राहिम वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने धारदार चाकू से ताहेरा पर हमला कर दिया.

यह भी पढ़ें: बेटी की हत्या के बाद मां का कलेजा फटा, बोली- एनकाउंटर से नहीं मिला इंसाफ, फांसी दो, नहीं तो हम गोली मार देंगे
हमले के बाद घायल ताहेरा को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद इब्राहिम पहले क्लॉथ स्टोर में काम कर चुका था. वह हैदराबाद के मोइन बाग इलाके का रहने वाला है, जो संतोषनगर पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है. वह शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है. पुलिस ने उसे पकड़ने के बाद चादरघाट पुलिस स्टेशन की हिरासत में रखा. एहतियात के तौर पर उसे आगे की कार्रवाई के लिए मलकपेट पुलिस स्टेशन में शिफ्ट किया गया.
सवाल है कि आखिर हत्या की वजह क्या थी? पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट में निजी संबंधों से जुड़ा विवाद सामने आया है. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और ताहेरा पिछले कई साल से रिश्ते में थे. हाल के दिनों में ताहेरा उससे दूरी बनाने लगी थी. इसी बात को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी थी. चादरघाट पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.