scorecardresearch
 

बारिश में टूटी पेड़ की टहनी, पिता और बेटी नीचे खड़ी कार हटाने पहुंचे... करंट से दोनों की चली गई जान

हैदराबाद में भारी बारिश के बाद एक दर्दनाक हादसे में पिता और बेटी की करंट लगने से मौत हो गई. दोनों घर के बाहर खड़ी कार को पेड़ के नीचे से हटाने पहुंचे थे. इस दौरान टूटे हुए बिजली के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए. कुछ ही पलों में दोनों की जान चली गई. इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

Advertisement
X
बारिश के बीच टूट गया था बिजली का तार. (Photo: Representational)
बारिश के बीच टूट गया था बिजली का तार. (Photo: Representational)

हैदराबाद में बारिश के बाद एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. एक पिता अपनी कार को नुकसान से बचाना चाहता था. उसकी बेटी भी साथ थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में दोनों की जान चली गई. वजह बनी बारिश के बाद टूटा बिजली का तार और उसमें दौड़ता करंट.

मामला हैदराबाद के अलवाल इलाके का है. शुक्रवार की रात और शनिवार सुबह हुई तेज बारिश के दौरान एक पेड़ की शाखा टूटकर बिजली के तार पर गिर गई. इससे तार टूट गया और घर के सामने लटकने लगा. आसपास के लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि तार में अब भी करंट दौड़ रहा है.

शनिवार सुबह एक शख्स ने देखा कि उसके घर के सामने खड़ी कार के ऊपर या आसपास पेड़ की और शाखाएं गिर सकती हैं. कार को नुकसान न पहुंचे, इसलिए वह अपनी नाबालिग बेटी के साथ उसे वहां से हटाने पहुंचा, लेकिन जैसे ही दोनों कार के करीब पहुंचे, वे करंट की चपेट में आ गए.

यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक बेड पर सो रहे शख्स की करंट लगने से मौत, दिल्ली में दिल दहला देने वाला हादसा

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों को शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या है. जब तक आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पिता और बेटी दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर हालात को कंट्रोल किया गया. पुलिस ने मामले में संदिग्ध हालात में हुई मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पेड़ की शाखा गिरने से बिजली का तार टूट गया था. इसी तार के संपर्क में आने या उसके प्रभाव क्षेत्र में पहुंचने से दोनों को करंट लगा. अब यह भी जांच की जा रही है कि तार टूटने के बाद बिजली आपूर्ति समय रहते क्यों नहीं रोकी गई.

इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह कोई पहली घटना नहीं है. महज चार दिन पहले तेलंगाना में ही सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी. यानी एक हफ्ते के भीतर करंट से मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है. फिलहाल, घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement