scorecardresearch
 

इलेक्ट्रिक बेड पर सो रहे शख्स की करंट लगने से मौत, दिल्ली में दिल दहला देने वाला हादसा

दिल्ली के त्रि नगर इलाके में इलेक्ट्रिक बेड का इस्तेमाल कर रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध रूप से बिजली का झटका लगने से मौत हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
दिल्ली: करंट लगने से व्यक्ति की मौत. (Photo: symbolic )
दिल्ली: करंट लगने से व्यक्ति की मौत. (Photo: symbolic )

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के त्रिनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 45 वर्षीय व्यक्ति इलेक्ट्रिक बेड पर सोते हुए करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी.

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 12 फरवरी को दिल्ली के केशव पुरम थाने में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर (मृतक के भाई) ने बताया कि उनके भाई को इलेक्ट्रिक बेड से बिजली का झटका लगा है और उनकी मौत हो गई है.

पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां धीरज कौशिक को कमरे में इलेक्ट्रिक बेड पर लेटे हुए मृत पाया गया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बेड से एक बिजली का तार और बिजली का सॉकेट जुड़ा हुआ था. शुरुआती जांच में संदेह है कि बेड में बिजली की खराबी या असुरक्षित वायरिंग के कारण करंट का झटका लगा होगा.

पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर मृतक के पिता राजेंद्र कौशिक और अन्य परिवारजन मौजूद थे. प्रारंभिक पूछताछ में परिवार ने बताया कि धीरज का तलाक हो चुका था और उनकी एक 19 वर्षीय बेटी तथा 14 वर्षीय बेटा है.

परिवार के सदस्यों ने पुलिस को ये भी बताया कि धीरज शराब पीने के आदी थे और घटना वाले दिन सुबह से ही शराब पी रहे थे.

पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बिस्तर पर लेटे हुए बिजली का झटका लगने से उसकी मौत हुई. घटनास्थल पर क्राइम टीम बुलाई गया है और मौके की गहन जांच की गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां मेडिको-लीगल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.

पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्यवाही शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से अभी तक किसी भी संदेह या गड़बड़ी की बात नहीं कही गई. जांच जारी है और आगे की पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement