scorecardresearch
 

कर्नाटक में बिहार फॉर्मूला... पिता राज्यसभा जाएंगे, बेटे को मिलेगा मंत्री पद... शिवकुमार को सम्राट की तरह कुर्सी

कर्नाटक में सत्ता की लड़ाई अब अंजाम की ओर है. कांग्रेस ने सिद्धारमैया और शिवकुमार में 'सत्ता संघर्ष' के पटाक्षेप का जो फॉर्मूला निकाला है, वह बिहार जैसा ही है जब नीतीश कुमार ने सीएम की कुर्सी छोड़ी थी.

Advertisement
X
सिद्धारमैया की जगह शिवकुमार को सत्ता सौंपने की तैयारी (Photo: PTI)
सिद्धारमैया की जगह शिवकुमार को सत्ता सौंपने की तैयारी (Photo: PTI)

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने सिद्धारमैया की अगुवाई में जब सरकार बनाई, ढाई-ढाई साल सीएम के फॉर्मूले की चर्चा तब से ही रही है. हालांकि, कांग्रेस पार्टी या सीएम सिद्धारमैया सार्वजनिक रूप से इसे लेकर कुछ बोलने से बचते रहे हैं. बोलने से बचते तो खुद डीके शिवकुमार भी रहे हैं, लेकिन कभी इसे खारिज भी नहीं किया. समय-समय पर कुर्सी की लड़ाई की तपिश बेंगलुरु से नई दिल्ली तक सरेआम महसूस की गई.

सत्ता के 'नेतृत्व परिवर्तन' की लंबी चली यह रार अब आखिरकार अपने अंजाम तक पहुंचती नजर आ रही है, डीके शिवकुमार का इंतजार अब खत्म होने की ओर है. कुर्सी की इस लड़ाई का अब पटाक्षेप होता दिख रहा है. कांग्रेस या कांग्रेस के नेताओं ने इसे लेकर आधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं कहा है, लेकिन दिल्ली में सिद्धारमैया और शिवकुमार के साथ कांग्रेस आलाकमान की बैठक, इस बैठक के बाद बेंगलुरु में बढ़ी हलचल इसी तरफ इशारा करते हैं.

चर्चा एक फॉर्मूले की भी है. इस फॉर्मूले के मुताबिक सीएम सिद्धारमैया को राज्यसभा के रास्ते दिल्ली लाए जाने की चर्चा है. सीएम सिद्धारमैया के बेटे डॉक्टर यतींद्र सिद्धारमैया को डीके शिवकुमार की कैबिनेट में मंत्री पद दिया जा सकता है. सीएम बनाए जाने के बाद शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी भी छोड़ सकते हैं और यह पद सिद्धारमैया के भरोसेमंद सतीश जारकीहोली को दिया जा सकता है.

Advertisement

यह फॉर्मूला कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के लिए निकाला गया है. बात कांग्रेस पार्टी की है. लेकिन यह है कुछ वैसा ही, जैसा हाल ही में बिहार में देखने को मिला. बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे. नीतीश कुमार राज्यसभा चले गए, मुख्यमंत्री और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को नई सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया और सत्ता का सरदार सम्राट चौधरी बन गए.

यह भी पढ़ें: सिद्धारमैया को राज्यसभा सीट, बेटे को मंत्री... इस तरह निकल रहा शिवकुमार सरकार बनने का फॉर्मूला

ठीक यही फॉर्मूला कांग्रेस अब कर्नाटक में अपनाती नजर आ रही है. सीएम सिद्धारमैया को नीतीश कुमार की तरह राज्यसभा भेजने के साथ ही पार्टी निशांत की तरह यतींद्र को मंत्री पद ऑफर कर रही है. बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) के नीतीश कुमार की जगह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने थे. कर्नाटक में सिद्धारमैया की जगह कुर्सी शिवकुमार को मिलेगी.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक CM पद से इस्तीफा दे सकते हैं सिद्धारमैया, क्या शिवकुमार को मिलेगी कमान

फर्क इतना है कि बिहार में मसला दो गठबंधन सहयोगियों के बीच का था और कर्नाटक में बात दो नेताओं की बीच की है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया ने अभी इस फॉर्मूले पर हां या ना नहीं कहा है. सीएम सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपनी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों को ब्रेकफास्ट पर बुलाया है. इसे लेकर भी आधिकारिक तौर पर सरकार या पार्टी की ओर से कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन डीके शिवकुमार के शेड्यूल में इसका जिक्र है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement