कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही थीं. मंगलवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ बैठक की. वहीं, सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया अब सीएम पद से इस्तीफा देने की तैयारी में हैं. वे गुरुवार को इस्तीफा दे सकते हैं. हालांकि, अभी तक राज्यसभा को लेकर सिद्धारमैया की सहमति बनती नहीं दिख रही.
बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया से मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए कहा गया था. कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें राज्यसभा भेजने की बात कही और दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी का आश्वासन भी दिया गया.
वहीं अब डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की बातें सामने आ रही हैं. बैठक के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया रात 8:30 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे.
सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया से कहा गया कि वे ओबीसी समुदाय का एक बड़ा चेहरा हैं और पार्टी 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले उनके लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका तय करेगी. पार्टी नेतृत्व को दिल्ली में उनकी जरूरत है और उन्हें दिल्ली आना चाहिए.
माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री को नाराज न करने का पूरा ध्यान रखा है. साथ ही, राज्यसभा का यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है जब नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है और जल्द ही फैसला लेने की जरूरत है.
मीटिंग के बाद बोले केसी वेणुगोपाल
मंगलवार को हुई बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज की बैठक में राज्यसभा चुनाव और एमएलसी चुनाव को लेकर चर्चा हुई. उन्होंने आगे कहा कि लोग जो अटकलें लगा रहे हैं, उसमें कोई सच्चाई नहीं है.
कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता साझेदारी को लेकर लंबे समय से अटकलें लगती रही हैं. डीके शिवकुमार के समर्थकों का दावा है कि 2023 विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद देने का वादा किया गया था.
हालांकि, कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.