आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने डिटेन किया. अरविंद केजरीवाल के अलावा AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक को भी हिरासत में लिया गया है.
बता दें, आम आदमी पार्टी के तमाम नेता जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन के लिए पहुंच रहे थे, जिस दौरान दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
सीजेपी प्रोटेस्ट के लिए निकले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है. अरविंद केजरीवाल कुछ देर पहले ही घर से निकले थे. उन्हें मौके पर पहुंचने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया. इस दौरान AAP समर्थकों और पुलिस के बीच खींचतान होती भी दिखी. अरविंद केजरीवाल के साथ AAP नेता सौरभ भारद्वाज भी हिरासत में लिए गए हैं.
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी हिरासत में लिया. शनिवार को ममता बनर्जी को दिल्ली में उनके आवास के बाहर हिरासत में लिया गया है. पूर्व सांसद साकेत गोखले ने कहा कि ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के पांच अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस और CRPF ने हिरासत में लिया है.
यह भी पढ़ें: Delhi CJP Protest Live Update: दिपके, ममता, केजरीवाल... सब हिरासत में, अबतक 1000 प्रोटेस्टर्स पर एक्शन
बता दें, दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के पास ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और वामपंथी दलों के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली पहुंचने के बाद विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया. दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई और पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई. जंतर-मंतर पर निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है.