महाराष्ट्र के नासिक से बड़ी खबर सामने आई है. यहां समृद्धि हाइवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष और भोंदू बाबा अशोक खरात के करीबी माने जाने वाले डॉ. जितेंद्र शेलके की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 से 1 बजे के बीच हुआ, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर में बुरी तरह घुस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में डॉ. शेलके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात पर कसा ED का शिकंजा, नासिक-पुणे-शिरडी में मौजूद ठिकानों पर छापेमारी
डॉ. जितेंद्र शेलके अपनी कार से संभाजीनगर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
डॉ. जितेंद्र शेलके शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे और लंबे समय से अशोक खरात के बेहद करीबी माने जाते थे. ट्रस्ट से जुड़े कई अहम फैसलों और जमीन खरीद मामलों में उनकी अहम भूमिका रही थी. हाल ही में अशोक खरात से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद पूरा ट्रस्ट पुलिस की निगरानी में था, हालांकि डॉ. शेलके से अब तक किसी तरह की पूछताछ नहीं हुई थी.
शिवसेना ने जताया मौत पर संदेह
इस बीच, हादसे के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने इस मौत पर संदेह जताया है. उन्होंने कहा कि जितेंद्र शेलके की मौत की खबर चौंकाने वाली है. कई लोगों ने यह अंदेशा जताया था कि खरात या उनके करीबियों की जान को खतरा है. अनगिनत लोगों ने अपनी बात रखी थी. अब इस घटना का होना कहीं न कहीं उन सभी बातों को सच साबित कर रहा है. इस बहाने खरात की जान की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है.