scorecardresearch
 

पहले पति को छोड़ा, दूसरे का कर दिया मर्डर! बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर रची साजिश, सोते समय गर्दन पर चाकू से किए वार

हरियाणा के फरीदाबाद में गोपाल नाम के शख्स की हत्या कर दी गई थी. अब इस मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी काजल और उसके बॉयफ्रेंड योगेंद्र को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि योगेंद्र को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद था. 14-15 अक्टूबर की रात काजल ने सोते समय अपने पति गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार किए थे. इसके बाद पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी.

Advertisement
X
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया अरेस्ट. (Photo: ITG)
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया अरेस्ट. (Photo: ITG)

फरीदाबाद में दो दिन पहले हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी काजल और उसके बॉयफ्रेंड योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, काजल ने करीब 16 साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल से लव मैरिज की थी. अब दोनों के बीच योगेंद्र को लेकर विवाद चल रहा था. योगेंद्र बाउंसर है. काजल ने योगेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची.

पुलिस के मुताबिक, 14-15 अक्टूबर की रात गोपाल घर में सो रहा था. इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसकी गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद काजल ने घर में बदमाशों के घुसने और गोपाल के साथ मारपीट करने की कहानी बताई. हालांकि, पुलिस की पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली.

गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गांव कुंवरपुर का रहने वाला था. वह 20 साल से फरीदाबाद में कंपनी में मशीन ऑपरेटर की नौकरी कर रहा था. करीब 16 साल पहले कंपनी में काम करने के दौरान गोपाल की मुलाकात काजल से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए. इसके बाद काजल अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ हाथरस आ गई. उस समय काजल की पहली शादी से हुई बेटी करीब 5 साल की थी. दोनों ने हाथरस में कोर्ट मैरिज कर ली.

Advertisement

शादी के कुछ समय बाद गोपाल ने गांव में मकान बनवा लिया. इसके बाद काजल बच्चों के साथ गांव में रहने लगी, जबकि गोपाल फरीदाबाद में नौकरी करता रहा. वह समय-समय पर गांव आकर पत्नी और बच्चों से मिलता था. कई बार काजल भी बच्चों को लेकर फरीदाबाद आ जाती थी. गोपाल ने मकान बनाने में अपनी कमाई लगा दी थी. इसलिए वह चाहता था कि उसका परिवार गांव में ही रहे.

गोपाल और काजल के शादी के बाद दो बेटे और एक बेटी हुई. काजल की पहली शादी से हुई बेटी भी गांव में ही रहती थी, जो 19 साल की हो चुकी है. परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था. करीब तीन साल पहले गोपाल के मकान से लगभग 500 मीटर दूर रहने वाले योगेंद्र का घर आना-जाना शुरू हुआ. गोपाल और योगेंद्र दोस्त थे. गोपाल जब गांव आता था, तो योगेंद्र उससे मिलने घर पहुंचता था. शुरुआत में दोनों की मुलाकात सामान्य थी, लेकिन कुछ समय बाद योगेंद्र ने गोपाल की गैरमौजूदगी में भी घर आना शुरू कर दिया. इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा. इसी के चलते गोपाल कई महीनों से गांव नहीं गया था.

यह भी पढ़ें: 26 साल की लेडी टीचर को आग लगाने का मामला... लव अफेयर के चलते 10वीं पास छात्र ने दिया वारदात को अंजाम

Advertisement

पारिवारिक विवाद के चलते काजल ने योगेंद्र के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की साजिश रच डाली. 13 अक्टूबर को काजल बच्चों को लेकर फरीदाबाद आ गई. इसके अगले दिन 14 अक्टूबर को उसने योगेंद्र को भी फरीदाबाद बुला लिया. पुलिस के अनुसार, 14-15 अक्टूबर की रात गोपाल नशे में घर पहुंचा था. गोपाल और काजल एक कमरे में सो रहे थे, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में थे. आरोप है कि इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गोपाल की गर्दन पर कई वार कर दिए. इससे गोपाल की मौत हो गई. बाद में काजल ने पुलिस से कहा था कि कुछ बदमाश घर में घुस आए थे और गोपाल के साथ मारपीट की थी.

पुलिस पीआरओ यशपाल सिंह ने कहा कि जांच में सामने आया है कि काजल ने अपने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. काजल ने चाकू से गोपाल की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के समय गोपाल ने शराब पी हुई थी. पुलिस ने काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी पर भी संदेह जताया था, लेकिन अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement