एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में दो एक्ट्रेसेज के बीच कैटफाइट होना बेहद आम बात है. ऐसे कई मौके आए हैं, जहां कलाकारों ने एक-दूसरे के खिलाफ बातें कही हैं. टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे भी कुछ महीनों पहले शुभांगी अत्रे के खिलाफ बोलती नजर आई थीं. उन्होंने अपने हिट सिटकॉम 'भाभीजी घर पर हैं 2' में वापसी के दौरान शुभांगी पर उनकी कॉपी करने के आरोप लगाए थे.
'अंगूरी भाभी' को लेकर शुभांगी का बयान
शिल्पा ने शुभांगी को उनकी कॉपी करने पर मीडिया में फटकार लगाई थी, जो कई लोगों को रास नहीं आया था. शिल्पा शिंदे ने शो बीच में छोड़ा था और शुभांगी ने उन्हें रिप्लेस करके अपनी अलग पहचान बनाई थी. शिल्पा के बयानों पर शुभांगी ने तब कुछ नहीं कहा था. मगर अब एक्ट्रेस ने शिल्पा के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की है.
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान शुभांगी अत्रे से पूछा गया कि क्या वो कभी शिल्पा शिंदे के साथ काम करना पसंद करेंगी? तो उन्होंने बिना किसी झिझक कहा- हां, बिल्कुल क्यों नहीं. मैं एक एक्ट्रेस हूं. मेरी ड्यूटी है कि मैं काम करूं, चाहे मेरे सामने कोई भी हो. मुझे कैमरा बहुत पसंद है. मैं हर किसी के साथ काम करना चाहती हूं. मुझे कैमरा बहुत पसंद है, और मैं आखिरी सांस तक काम करना चाहती हूं. मेरे लिए किसी के साथ काम करने की कोई पाबंदी नहीं है. मैं सबके साथ काम करना चाहती हूं.
कितने साल तक शुभांगी ने किया शिल्पा को रिप्लेस?
शुभांगी अत्रे ने &टीवी के सीरियल 'भाभीजी घर पर हैं' में करीब 9 साल तक अंगूरी भाभी का रोल प्ले किया था. इसके बाद, सीरियल के ऊपर जब फिल्म बनाई गई, तब भी शुभांगी ही अंगूरी भाभी के किरदार में नजर आई थीं. मगर जब इस शो के दूसरे सीजन की बारी आई, तब उन्हें रिप्लेस करके शिल्पा शिंदे को लाया गया.
शिल्पा का आना तब काफी एक्साइटिंग था क्योंकि वो ही ओरिजिनल अंगूरी भाभी थीं. मेकर्स को उम्मीद थी कि शिल्पा का जादू शो में जरूर चलेगा, मगर ऐसा नहीं हो पाया. 'भाभीजी घर पर हैं 2' की टीआरपी वैसी नहीं आई, जैसे शुरुआती समय में आया करती थी.