अमरावती जिले के परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अमरावती ग्रामीण पुलिस ने दूसरे आरोपी उजेर खान इकबाल खान को हिरासत में लिया है. उस पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुख्य आरोपी के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिससे ये तेजी से वायरल हो गए. फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
मामले पर जानकारी देते हुए अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद सिंगुरी ने बताया कि अब तक इस मामले में आठ पीड़ितों की पहचान की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ितों के संपर्क में है और शिकायत दर्ज कराने के लिए एक विशेष लिंक भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि कोई भी पीड़ित आगे आकर अपनी बात रख सके. पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
मुख्य आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
इस मामले में मुख्य आरोपी अयान तनवीर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके घर पर बुलडोजर चलाया गया है. नगर पालिका ने पहले नोटिस जारी किया और इसके बाद जेसीबी मशीन से कथित अवैध निर्माण को हटाया गया. इस दौरान इलाके में भारी भीड़ रही, वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा.
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण के खिलाफ नियमित प्रक्रिया के तहत की गई है, लेकिन घटना की संवेदनशीलता के कारण यह कदम चर्चा का विषय बन गया है. जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. पुलिस पहले से सतर्क थी, इसलिए स्थिति नियंत्रण में रही.
यह मामला शुरुआत में कुछ वायरल वीडियो तक सीमित माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर इसकी गंभीरता बढ़ती गई. जांच एजेंसियों को ऐसे संकेत मिले हैं कि बड़ी संख्या में युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनके सैकड़ों आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया.
मुख्य आरोपी अयान तनवीर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह पुलिस कस्टडी में है. उसके मोबाइल से कई वीडियो बरामद हुए हैं, जिनकी जांच चल रही है. इन वीडियो में दिख रही युवतियों की पहचान करना फिलहाल जांच एजेंसियों की प्राथमिकता है. साथ ही, साइबर टीम डिलीट किए गए डेटा को भी रिकवर करने में जुटी है, जिससे मामले में और खुलासे हो सकते हैं.