बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए अब केवल दो ही विकल्प बचे हैं, या तो वे बिहार छोड़ दें या फिर श्मशान जाने के लिए तैयार रहें. उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है.
एक कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
सीधे नेपाल जाना होगा, एक तरफ योगी दूसरी ओर शुभेंदु
अपने बयान में उन्होंने पड़ोसी राज्यों का भी जिक्र किया. सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के बगल में उत्तर प्रदेश है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से ही अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं. वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी सक्रिय हैं. ऐसे में अपराधियों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा है.
उन्होंने कहा कि अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि अब कानून से बच पाना आसान नहीं होगा. यदि वे अपराध छोड़कर सामान्य जीवन नहीं अपनाते हैं, तो उन्हें सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा. सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि अपराधियों को बचने के लिए नेपाल भागने की नौबत आ सकती है.
मुख्यमंत्री के इस बयान को राज्य सरकार की अपराध के प्रति सख्त नीति के तौर पर देखा जा रहा है. फिलहाल सम्राट चौधरी का यह बयान राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
आकाशदीप की शादी, पहुंचे सम्राट
आज सासाराम के शिवसागर प्रखंड क्षेत्र के बड्डी गांव में सम्राट चौधरी पहुंचे. बता दें कि बड्डी गांव में इंडियन क्रिकेटर आकाशदीप की शादी है. उनके शादी से पहले ही उन्हें बधाई देने मुख्यमंत्री उनके पैतृक गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आकाशदीप से मुलाकात की एवं उन्हें शादी की शुभकामनाएं दी. सीएम के आगमन पर इंडियन क्रिकेटर आकाशदीप खुद हेलीपैड पर पहुंचकर उनका स्वागत किया.