पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भगदड़ जैसे हादसे की जांच के लिए फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी बनाई जाएगी. इस घटना में 18 लोगों की मौत हुई है, जबकि 2 दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायलों का सही इलाज सुनिश्चित करना और जान गंवाने वालों के परिवारों की मदद करना है.
टेलीफोन पर आजतक को दिए गए इंटरव्यू में CM अधिकारी ने बताया कि हादसा शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच हुआ. उन्होंने कहा कि एक या दो घायलों की हालत गंभीर है. सरकार प्रभावित लोगों को उचित मेडिकल सुविधा दिलाने और ठीक होने के बाद सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है.
'हर जिंदगी की कीमत है, थीम से ज्यादा जरूरी इंसान'
CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हर इंसान की जिंदगी की बहुत कीमत है. इंसान की जिंदगी थीम से कहीं ज्यादा कीमती है. उन्होंने पश्चिम बंगाल की सभी दुर्गा पूजा समितियों से पुलिस के साथ मिलकर काम करने की अपील की.
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर एंट्री और एग्जिट गेटों पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुधारने को कहा. उन्होंने उन पंडालों को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी, जहां थीम के तहत जानबूझकर कम रोशनी रखी जाती है. उन्होंने कहा कि सजावट और थीम के चक्कर में लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलकाता पुलिस को पूजा समिति के सदस्यों और आयोजन स्थल की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं. इनमें निजी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोग और पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
उन्होंने घटनास्थल के CCTV फुटेज को सुरक्षित रखने को कहा है, ताकि जांच में उनका इस्तेमाल किया जा सके. बंगाल सीएम ने बताया है कि, फॉरेंसिक टीम, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दमकल विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं. मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों और मीडिया से अपील की कि फॉरेंसिक जांच पूरी होने तक घटनास्थल से दूर रहें. उन्होंने कहा कि इससे जांच के दौरान जरूरी सबूतों से छेड़छाड़ होने से बचाया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: 'अंधेरा, भारी भीड़ और संकरा रास्ता...', कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़, चश्मदीदों ने बयां किया खौफनाक मंजर
हादसे की वजह पता लगाने के लिए बनेगी जांच कमेटी
CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी हादसे की परिस्थितियों की जांच करेगी. सरकार जल्द से जल्द घटना की वजह का पता लगाना चाहती है. फिलहाल हादसे का कारण जांच के जरिए स्थापित किया जाना बाकी है.उन्होंने राज्यभर की पूजा समितियों से भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा करने और निकास द्वारों पर किसी भी कमी को दूर करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा समितियों और पुलिस के बीच सहयोग जरूरी है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो.
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार के रविवार को होने वाले सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ तय कार्यक्रम भी टाल दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि यह फैसला घायलों के इलाज और हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को सहायता देने को प्राथमिकता देने के लिए लिया गया है. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी और घायलों को उचित मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.