scorecardresearch
 

मौत का बवंडर: तूफान से बचने के लिए पकड़ी थी टीन की शेड, वही शख्स को लेकर 50 फीट ऊपर आसमान में उड़ गई; VIDEO VIRAL

बरेली में आए भीषण तूफान ने दहशत पैदा कर दी है. सोशल मीडिया पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स टीन शेड के साथ करीब 50 फीट की ऊंचाई तक हवा में उड़ता नजर आ रहा है. प्रशासन ने घटना की पुष्टि कर दी है.

Advertisement
X
बरेली में तूफान में उड़ा शख्स (Photo- Screengrab)
बरेली में तूफान में उड़ा शख्स (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना भमोरा क्षेत्र में भीषण तूफान के दौरान एक बारात घर की छत (टीन शेड) हवा में उड़ गई, जिसके साथ एक शख्स भी लगभग 50 फीट की ऊंचाई तक उछल गया. यह घटना पिछले दो दिनों से लगातार आ रही तेज आंधी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई. टीन शेड के नीचे तीन लोग तूफान से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक पूरी छत हवा में उड़ गई और एक शख्स कई फीट ऊपर से उड़कर सीधे खेत में जा गिरा. पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती कराया है.

एआई जैसा वीडियो, पर हकीकत ने चौंकाया

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर पहली नजर में ऐसा लगता है जैसे इसे एआई (AI) की मदद से बनाया गया हो या यह किसी फिल्म का कोई सीन हो. वीडियो में शख्स को हवा में कलाबाजियां खाते हुए उड़ते देख लोग हैरान हैं. हालांकि, जब मीडिया और प्रशासन ने भमोरा क्षेत्र के घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की, तो पता चला कि यह वीडियो पूरी तरह असली है और चक्रवात की गति इतनी तेज थी कि उसने भारी-भरकम टीन शेड को तिनके की तरह उड़ा दिया.

खेत में जा गिरा शख्स, हालत गंभीर

घटना के वक्त बारात घर के ऊपर बने टीन शेड के नीचे तीन लोग खड़े थे. वे खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन प्रकृति के प्रकोप के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं. चक्रवात ने पूरी की पूरी छत उखाड़ दी और अपने साथ एक व्यक्ति को भी आसमान की ओर खींच लिया. काफी ऊंचाई से खेत में गिरने के कारण व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया. जिला प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायल को उचित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement

दो दिनों से बरेली में आफत की आंधी

पश्चिमी विक्षोभ के चलते बरेली में पिछले दो दिनों से लगातार तूफानी हवाओं का दौर जारी है. बीती रात आई आंधी ने शहर में भारी तबाही मचाई है. कई विशालकाय पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिसकी चपेट में आकर कई दोपहिया और चार पहिया वाहन दबकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. पेड़ों के गिरने से कई रास्ते भी बाधित हुए हैं और कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है. शहर का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.

प्रशासन अलर्ट मोड पर, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

चक्रवात और आंधी से हुए नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का मुख्य फोकस सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ करने पर है ताकि यातायात सुचारू हो सके. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे फील्ड पर रहकर स्थिति पर नजर रखें और प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाएं. मौसम के मिजाज को देखते हुए लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement