भारत की संस्कृति, परंपरा, रिवाज और इतिहास को करीब से जानने के लिए हर साल दुनिया भर से लाखों टूरिस्ट ताजमहल पहुंचते हैं. इनमें से कई विदेशी पर्यटक भारतीय पहनावे को भी अपनाने की कोशिश करते हैं. हालांकि, साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान को पहनना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. आगरा के ताजमहल परिसर में ऐसा ही एक भावुक पल देखने को मिला, जिसने लोगों का दिल जीत लिया.
अर्जेंटीना से ताजमहल घूमने आई एक विदेशी महिला भारतीय परिधान साड़ी पहनकर स्मारक देखने पहुंची थी. लेकिन साड़ी बांधने का अनुभव न होने की वजह से चलते-चलते उसकी साड़ी खुलने लगी. अचानक आई इस स्थिति से वह असहज हो गई और समझ नहीं पा रही थी कि क्या करे.
इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी की नजर विदेशी महिला पर पड़ी. उन्होंने बिना देर किए उसके पास जाकर साड़ी ठीक से संभालने में मदद की. कांस्टेबल की इस संवेदनशीलता से विदेशी महिला ने राहत की सांस ली और मुस्कुराते हुए उनका आभार जताया.
देखें वीडियो
मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कांस्टेबल पूरे सम्मान और सहजता के साथ विदेशी पर्यटक की मदद कर रही हैं, ताकि वह बिना किसी परेशानी के ताजमहल का भ्रमण कर सके.
'अतिथि देवो भव' की मिसाल बनी महिला कॉन्स्टेबल
यूपी पुलिस के मुताबिक, ताज सुरक्षा पुलिस सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था संभालने का ही काम नहीं करती, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की हरसंभव मदद भी करती है. पुलिसकर्मियों को 'अतिथि देवो भव' और 'वसुधैव कुटुंबकम्' की भावना के साथ पर्यटकों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया जाता है.
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग यूपी पुलिस की महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी की जमकर सराहना कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि पुलिस का काम सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की मदद करना भी है. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे मानवीय व्यवहार ही भारत की मेहमाननवाजी और संस्कृति की असली पहचान हैं.
ताजमहल देखने आई विदेशी महिला के लिए यह अनुभव यादगार बन गया. वहीं, महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी का यह मानवीय कदम सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है और उनकी संवेदनशीलता की खूब तारीफ हो रही है.