आप अंग्रेजी और हिन्दी के अलावा अन्य कोई भाषा नहीं जानते हैं. इसके बावजूद आप फ्रेंच, जर्मन, चाइनीज, जापानी और दुनियाभर की ऐसी ही कई भाषाओं में ट्वीट कर सकते हैं और पढ़ सकते हैं. ये सच है और जल्द ही कई भाषाओं में ट्वीट करने व पढ़ने की ये सुविधा आपको मिल जाएगी.
ट्विटर ने इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट के सर्च इंजन Bing के साथ करार किया है. इसके तहत यूजर को अनुवाद की सुविधा मिलेगी और उनका ट्वीट कई भाषाओं में प्रसारित हो सकेगा. इसी तरह यूजर कई भाषाओं में किए गए ट्वीट को पढ़ भी सकेंगे.
अगर कोई ट्वीट किसी ऐसी भाषा में है जिसे यूजर नहीं जानता है तो उसे ट्वीट के ऊपर के ग्लोबल आइकॉन को टैप करना होगा. उसके बाद बिंग उसे अपने आप अनुवाद कर देगा. इस समय ट्विटर पर 40 भाषाएं लिखी जा रही हैं. यूजर चाहें तो मैनुअल तरीके से सेटिंग बदल सकते हैं और अनुवाद की व्यवस्था कर सकते हैं.
ट्विटर का कहना है कि अनुवाद का यह फीचर अभी विकसित हो रहा है, इसलिए हो सकता है कि यह अभी उतना सटीक न हो जितना एक प्रोफेशनल अनुवादक करता है. अनुवाद का यह फीचर आईफोन, एंड्रॉयड और ट्विटडेक पर उपलब्ध है. फिलहाल विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम का इस्तेमाल करने वालों को इस फीचर के लिए इंतजार करना पड़ेगा.