scorecardresearch
 

पहले पेनल्टी मिस किया, फिर आखिरी मिनटों में दिखाया मैजिक, मेसी ने कराई अर्जेंटीना की यादगार वापसी

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में यादगार वापसी करते हुए इजिप्ट को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. एक समय टीम 0-2 से पिछड़ रही थी, लेकिन लियोनेल मेसी की अगुआई में आखिरी 10 मिनट में शानदार पलटवार किया.

Advertisement
X
​इजिप्ट के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में गोल करने के बाद जश्न मनाते अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी. (Photo: AFP)
​इजिप्ट के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में गोल करने के बाद जश्न मनाते अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी. (Photo: AFP)

डिफेंडिंग चैम्पियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में टूर्नामेंट की सबसे रोमांचक वापसी करते हुए इजिप्ट को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली. अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में एक समय अर्जेंटीना मुकाबले में 0-2 से पिछड़ रहा था और उस पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन इस टीम ने आखिरी मिनटों में शानदार खेल दिखाते हुए मैच का रुख पलट दिया.

मैच में सिर्फ 10 मिनट का समय बाकी था, तब इजिप्ट के खिलाफ अर्जेंटीना 0-2 से पीछे था. यासिर इब्राहिम ने पहले हॉफ के 15वें मिनट में गोल करके इजिप्ट को अर्जेंटीना पर 1-0 की बढ़त दिला दी. अर्जेंटीना लाख कोशिशों के बावजूद पहले हॉफ में इजिप्ट के ​डिफेंस को नहीं भेद सका. उसे पेनल्टी के रूप में एक मौका जरूर मिला था, लेकिन लियोनेल मेसी गोल करने से चूक गए. दूसरे हाफ के 67वें मिनट में मोस्तफा जीको ने गोल करके इजिप्ट की बढ़त 2-0 कर दी. 

जब ऐसा लग रहा था कि अर्जेंटीना को बड़े उलटफेर का सामना करना पड़ेगा और इजिप्ट इतिहास रचने से सिर्फ 10 मिनट दूर था, तभी लियोनेल मेसी का जादू चला. उन्होंने अपने बाएं पैर से शानदार गोल करके अर्जेंटीना को टूर्नामेंट में जीवनदान दिया और निर्धारित 90 मिनट का खेल समाप्त होने पर स्कोर 2-2 की बराबरी था. अर्जेंटीना के इस दिग्गज खिलाड़ी का यह टूर्नामेंट में आठवां गोल है. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्याद गोल के साथ 'गोल्डन बूट' की रेस में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड से फिर आगे निकल गए हैं. एम्बाप्पे और हालैंड के 7-7 गोल हैं.

Advertisement

स्टॉपेज टाइम में अर्जेंटीना ने दूसरे हाफ का अपना तीसरा गोल किया, जब एंजो फर्नांडीज ने हेडर से गोल करके अर्जेंटीना को जीत दिलाई और वर्ल्ड कप में लगातार 11वीं जीत का सिलसिला कायम रखा. यह मुकाबला विश्व कप इतिहास की सबसे शानदार वापसी में से एक माना जा रहा है. इजिप्ट ने मौजूदा फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियन को टूर्नामेंटसे बाहर होने के बेहद करीब पहुंचा दिया था, लेकिन अर्जेंटीना ने चैम्पियन टीम जैसी जुझारू मानसिकता दिखाते हुए हार के मुंह से जीत छीन ली और क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया.

अर्जेंटीना अब 2026 वर्ल्ड कप में 5-0-0 के रिकॉर्ड पर है और इटली व ब्राज़ील के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाला तीसरा देश बनने की कोशिश कर रहा है. अर्जेंटीना लगातार छठवें फीफा वर्ल्ड कप के 'राउंड ऑफ़ 16' में पहुंचा है और ये सभी मौके मेसी के करियर के दौरान ही आए हैं. क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद, अर्जेंटीना का मुकाबला अब 11 जुलाई को कैनसस सिटी, मिसौरी के एरोहेड स्टेडियम में कोलंबिया और स्विट्ज़रलैंड के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement