MS Dhoni Income tax News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) इस बार आईपीएल 2026 में तो अपना जलवा नहीं दिखा पाए हैं, लेकिन इसी बीच उनसे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है.
दरअसल, माही एक बार फिर बिहार-झारखंड क्षेत्र के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकर दाता बन गए हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने व्यक्तिगत श्रेणी में सबसे अधिक इनकम टैक्स जमा किया है. इसकी आधिकारिक घोषणा बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी सुधाकर राव ने रांची में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की.
रांची के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयकर विभाग ने क्षेत्र के टैक्स कलेक्शन और कार्रवाई से जुड़े कई अहम आंकड़े साझा किए. इस दौरान डी. सुधाकर राव ने बताया कि धोनी लगातार समय पर टैक्स जमा करने वाले और बड़े स्तर पर टैक्स भुगतान करने वाले नागरिकों में शीर्ष पर बने हुए हैं. हालांकि विभाग की ओर से इस बार उनके द्वारा जमा की गई टैक्स राशि का खुलासा नहीं किया गया.
धोनी का नाम सामने आने के बाद एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई कि क्रिकेट से संन्यास के बाद भी उनकी कमाई और ब्रांड वैल्यू लगातार मजबूत बनी हुई है. क्रिकेट के मैदान पर कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने वाले माही अब जिम्मेदार नागरिक की भूमिका में भी लोगों के लिए उदाहरण बनते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बस फेयरवेल गेम बचा है? एमएस धोनी की IPL में वापसी पर रविचंद्रन अश्विन का बड़ा बयान
प्रेस वार्ता में आयकर विभाग ने बिहार और झारखंड के टैक्स कलेक्शन से जुड़े आंकड़े भी साझा किए. विभाग के मुताबिक पिछले वित्तीय वर्ष में झारखंड ने लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का राजस्व दिया, जबकि बिहार का योगदान करीब 8 हजार करोड़ रुपये रहा. कुल 20 हजार करोड़ रुपये के लक्ष्य में झारखंड की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही. अधिकारियों के अनुसार राज्य का मजबूत औद्योगिक और व्यापारिक ढांचा इस बढ़त की बड़ी वजह है.
आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ अपनी कार्रवाई का ब्यौरा भी दिया. विभाग ने बताया कि बीते साल 12 बड़े कारोबारी समूहों पर छापेमारी की गई और 90 से ज्यादा मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई.
इस दौरान एक चिंताजनक आंकड़ा भी सामने आया. विभाग के अनुसार करीब 5 करोड़ पैन कार्ड धारकों में से केवल 40 लाख लोग ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं. अधिकारियों ने लोगों से समय पर टैक्स रिटर्न भरने और जिम्मेदार करदाता बनने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें: रोहित लौट आए… धोनी कब? IPL 2026 में ‘थाला’ की एंट्री अब भी पहेली
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी जैसे लोग समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं. वो ना सिर्फ खेल के बड़े नाम हैं, बल्कि टैक्स भुगतान के मामले में भी अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक की मिसाल पेश कर रहे हैं.