टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में ऐसा तूफान मचाया कि कीवी गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों पर 45 रन ठोक दिए.
दोनों की बल्लेबाजी के दम पर भारत ने वेलिंगटन में 199 रन का टारगेट महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली.
#TeamIndia take an unassailable 3-0 lead in the five-match series! 💙 Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand, 3rd T20I, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels, Sony LIV & Sony Vizha. #SonySportsNetwork #SonyLIV #SonyVizha #NZvIND https://t.co/57kiddW9ez
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) October 27, 2026
इस धमाकेदार प्रदर्शन को देखकर भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी हैरान रह गए. उन्होंने अभिषेक और वैभव की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की. श्रेयस ने कहा कि जिस तरह दोनों ने शॉट लगाए, वह आंखों को सुकून देने वाला था. उन्होंने यह भी बताया कि जब वह और संजू सैमसन बल्लेबाजी करने उतरे, तब गेंद सीम कर रही थी. ऐसे में उनके मन में यही सवाल था कि अभिषेक और वैभव ने ऐसी परिस्थितियों में इतनी शानदार बल्लेबाजी कैसे कर ली.
'इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा पहले नहीं देखा'
श्रेयस अय्यर ने कहा- यह देखना बिल्कुल शानदार था. जिस तरह उन्होंने शॉट खेले, वह आंखों को सुकून देने वाला था. जब संजू और मैं बल्लेबाजी करने गए, तब गेंद सीम कर रही थी. मैं सोच रहा था कि उन्होंने ऐसा कैसे कर लिया? यह सचमुच हैरान कर देने वाला था."
जब श्रेयस से पूछा गया कि क्या यह बल्लेबाजी उनके लिए सबसे खास प्रदर्शनों में से एक है, तो उन्होंने कहा कि पांच ओवर में 100 रन बनते उन्होंने पहले कभी नहीं देखे, खासकर इंटरनेशनल लेवल पर. उनके मुताबिक, यह प्रदर्शन निश्चित तौर पर सबसे ऊपर है.
विदेशी परिस्थितियों में भी नहीं बदला खेलने का अंदाज
श्रेयस ने कहा कि विदेश में खेलते हुए अपने अंदाज पर भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है. यहां सिचुएश अलग होती हैं और बल्लेबाजों को कई तरह की गेंदों का सामना करना पड़ता है. इसके बावजूद अभिषेक और वैभव ने जिस तरह चुनौती का सामना किया, वह असाधारण था.
उन्होंने कहा- इस तरह के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें पूरा श्रेय मिलना चाहिए. आज उन्होंने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, वह बेहतरीन था. तीसरे मैच में ही सीरीज जीत लेना शानदार है. अभी दो मैच बाकी हैं और उम्मीद है कि खिलाड़ी इसी फॉर्म को जारी रखेंगे.
श्रेयस ने टीम के लंबे सफर और जेट लैग का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शुरुआत में जेट लैग की चुनौती थी, लेकिन खिलाड़ियों ने खुद को परिस्थितियों के मुताबिक ढाला और मौके पर शानदार प्रदर्शन किया.
गेंदबाजों को यॉर्कर डालने की सलाह
श्रेयस ने न्यूजीलैंड की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों की रणनीति पर भी बात की. उन्होंने बताया कि 10 ओवर के बाद उन्हें महसूस हुआ कि हार्ड लेंथ या थोड़ी फुल गेंदों पर भी बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट लगा रहे थे. ऐसे में उन्होंने गेंदबाजों को ज्यादा से ज्यादा यॉर्कर डालने की सलाह दी.
भारत का सीरीज पर कब्जा
भारत ने तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. लगातार तीन जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली है. अब दोनों टीमें शुक्रवार, 30 अक्टूबर को चौथे टी20 मुकाबले में आमने-सामने होंगी. न्यूजीलैंड की कोशिश होगी कि वह इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में वापसी करे, जबकि भारत अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा.