scorecardresearch
 

बस 4 द‍िन और... वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से भ‍िड़ेगी टीम इंड‍िया, देखें टूर्नामेंट का फुल शेड्यूल

Women's T20 World Cup 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम को ग्रुप चरण में नीदरलैंड्स, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है. हालिया खराब फॉर्म और चोटों के बावजूद भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.

Advertisement
X
पाकिस्तान से आगाज, लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया से महामुकाबला... भारत का पूरा शेड्यूल (Photo: AFP/ File )
पाकिस्तान से आगाज, लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया से महामुकाबला... भारत का पूरा शेड्यूल (Photo: AFP/ File )

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज अब सिर्फ चार दिन बाद पाकिस्तान के खिलाफ करेगी. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर उतरकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी. भारतीय टीम कभी भी टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीती है, ऐसे में वो इस बार इत‍िहास रचना चाहेगी. 

पिछले कुछ वर्षों में भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीतकर अपनी ताकत का परिचय दिया है. इसके अलावा वर्ल्ड कप जीत और महिला प्रीमियर लीग (WPL) में भारतीय कप्तान द्वारा ट्रॉफी उठाने जैसे नतीजों ने टीम को वर्ल्ड  क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में शामिल किया है. हालांकि टूर्नामेंट से ठीक पहले साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हार ने टीम की तैयारियों पर सवाल भी खड़े किए हैं.

भारत को ग्रुप A में रखा गया है, जहां उसे पाकिस्तान, नीदरलैंड, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों का सामना करना है. सेमीफाइनल की दौड़ आसान नहीं होगी, क्योंकि कई प्रमुख खिलाड़ी फॉर्म से जूझ रहे हैं और कुछ अहम ऑलराउंडर चोटों से प्रभावित रहे हैं.

भारतीय टीम में शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, कप्तान हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा शामिल हैं.

Advertisement

संभावित सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन में शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल/नंदिनी शर्मा और रेणुका ठाकुर को जगह मिल सकती है.

मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी जेमिमा रोड्रिग्स पर होगी. 25 वर्षीय बल्लेबाज का इंग्लैंड में शानदार रिकॉर्ड है. उन्होंने वहां खेले गए 13 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 130.25 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जो उनके करियर स्ट्राइक रेट से काफी बेहतर है. वहीं 21 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी भी भारत के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकती हैं. इंग्लैंड में उन्होंने हाल के मुकाबलों में लगातार विकेट निकालकर अपनी उपयोगिता साबित की है.

यास्तिका भाटिया की वापसी भी चर्चा का विषय बनी हुई है. करीब नौ महीने बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटी यास्तिका ने इंग्लैंड के खिलाफ नंबर-3 पर बल्लेबाजी की. हालांकि पावरप्ले के बाद उनकी धीमी बल्लेबाजी टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. दूसरी ओर ऋचा घोष का बल्ला भी हाल के मैचों में खामोश रहा है.

2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया था. टीम केवल पाकिस्तान और श्रीलंका को हराने में सफल रही थी. हालांकि उसके बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीती तथा वेस्टइंडीज और श्रीलंका को घरेलू मैदान पर हराया. लेकिन दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ हालिया हार ने टीम की लय बिगाड़ दी है.

Advertisement

भारत के लिए ग्रुप चरण का सबसे अहम मुकाबला 21 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ माना जा रहा है. हाल ही में भारत को लॉरा वोल्वार्ट की टीम के खिलाफ टी20 सीरीज में 1-4 से हार झेलनी पड़ी थी. ऐसे में यह मुकाबला सेमीफाइनल की तस्वीर तय कर सकता है.

व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो स्मृति मंधाना को महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4500 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 167 रन की जरूरत है. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की दूसरी बल्लेबाज बन सकती हैं. वहीं अरुंधति रेड्डी को 50 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ दो विकेट चाहिए.

भारतीय टीम से उम्मीदें काफी ऊंची हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि फाइनल से पहले बाहर होना भारत के लिए निराशाजनक नतीजा माना जाएगा. हालांकि खिताब तक पहुंचने के रास्ते में पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमें बड़ी चुनौती पेश करेंगी.

भारत का लीग चरण शेड्यूल:
14 जून: पाकिस्तान, एजबेस्टन (बर्मिंघम) : शाम 7:00 बजे IST
17 जून: नीदरलैंड, हेडिंग्ले (लीड्स) : शाम 7:00 बजे IST
21 जून: दक्षिण अफ्रीका, ओल्ड ट्रैफर्ड (मैनचेस्टर) : शाम 7:00 बजे IST
25 जून: बांग्लादेश, ओल्ड ट्रैफर्ड (मैनचेस्टर) : शाम 7:00 बजे IST
28 जून: ऑस्ट्रेलिया, लॉर्ड्स (लंदन) : शाम 7:00 बजे IST

Advertisement

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2009 में हुई थी और अब तक 9 बार टूर्नामेंट खेला जा चुका है. इस इवेंट के इतिहास में ऑस्ट्रेल‍िया सबसे सफल टीम रही है, जिसने रिकॉर्ड 6 बार खिताब जीता है. वहीं इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने एक-एक बार ट्रॉफी अपने नाम की है. भारत अभी तक खिताब नहीं जीत पाया है, लेकिन 2020 में उपविजेता रहा था. अब तक के सभी संस्करणों में विजेता और उपविजेता इस प्रकार रहे हैं

कब कौन बना महिला टी20 वर्ल्ड कप का व‍िजेता 

साल  व‍िजेता उपव‍िजेता
2009 इंग्लैंड न्यूजीलैंड
2010 ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड
2012 ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड
2014 ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड
2016 वेस्टइंडीज  ऑस्ट्रेल‍िया 
2018 ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड
2020 ऑस्ट्रेलिया भारत 
2023 ऑस्ट्रेलिया साउथ अफ्रीका
2024 न्यूजीलैंड साउथ अफ्रीका

 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement