scorecardresearch
 

BAN vs PAK: पाकिस्तानी पेसर हसन अली को लगी गंभीर चोट, स्ट्रेचर से ले जाना पड़ा बाहर

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट में हसन अली कैच पकड़ने की कोशिश में गंभीर रूप से चोटिल हो गए. गेंद पकड़ने के प्रयास में उनका सिर जमीन से टकराया, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर पहुंचाया.

Advertisement
X
बांग्लादेश- पाकिस्तान के बीच दूसरे टेस्ट में  द‍िखा डरावना मंजर, हसन चोटिल होकर मैदान से बाहर (Photo: AFP)
बांग्लादेश- पाकिस्तान के बीच दूसरे टेस्ट में द‍िखा डरावना मंजर, हसन चोटिल होकर मैदान से बाहर (Photo: AFP)

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन एक डरावना हादसा देखने को मिला. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली (Hasan Ali) गेंद पकड़ने की कोशिश में चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. इस घटना ने पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट और फैन्स दोनों की चिंता बढ़ा दी है.

घटना स‍िलहट टेस्ट में सुबह (16 मई) के सेशन में आठवें ओवर की आखिरी से पहले गेंद पर हुई. बांग्लादेश के डेब्यू ओपनर तंजीद हसन ने हसन की गेंद को हल्के हाथों से खेला. गेंद हवा में उठी और हसन ने अपने फॉलो-थ्रू में दाईं ओर डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश की. हालांकि गेंद उनके हाथ से निकलकर मिड-ऑन की दिशा में चली गई.

कैच तो नहीं हुआ, लेकिन डाइव लगाते समय हसन अली का संतुलन बिगड़ गया. पहले उनका हाथ जमीन पर जोर से लगा और फिर सिर भी टर्फ से टकरा गया. चोट लगते ही हसन अली कुछ सेकंड तक मैदान पर पड़े रहे और अपने सिर के दाहिने हिस्से को पकड़कर दर्द में नजर आए.

स्थिति गंभीर देख पाकिस्तान की मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची. फिजियो ने कुछ देर तक उनकी जांच की और फिर स्ट्रेचर बुलाया गया. हसन मेडिकल स्टाफ के सहारे उठे, लेकिन पूरी तरह सामान्य नहीं दिख रहे थे. स्ट्रेचर पर जाते समय वह अपने माथे और नाक के आसपास हाथ लगाते नजर आए. 

Advertisement

तो क्या पाकिस्तान को मिलता र‍िप्लेसमेंट 
वैसे पाकिस्तान टीम को ICC के कन्कशन नियमों से राहत मिल सकती थी. कमेंट्री बॉक्स में अली के कन्कशन रिप्लेसमेंट पर चर्चा हो रही थी, लेकिन 15वें ओवर के बाद पेसर मैदान पर वापस आ गए.  वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खेलने की कंडीशन के आर्टिकल 1.2.7.1.1 के मुताबिक यदि किसी खिलाड़ी को मैदान पर सिर में चोट लगती है और कन्कशन की पुष्टि होती है, तो टीम कन्कशन सब्सटीट्यूट ले सकती है.

नियम 1.2.7.3 के अनुसार र‍िप्लेसमेंट खिलाड़ी  होना चाहिए, ताकि किसी टीम को अनुचित फायदा न मिले. ऐसे में पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा विकल्प शाहीन शाह आफरीदी हो सकते थे, जिन्हें पहले टेस्ट के बाद बाहर किया गया था. टीम के पास दूसरे विकल्प के तौर पर स्पिनर नोमान अली मौजूद थे.

पाकिस्तान ने इस टेस्ट के लिए तीन बदलाव किए थे. इमाम-उल-हक, शाहीन आफरीदी और नोमान अली को बाहर कर खुर्रम शहजाद, साजिद खान और बाबर आजम को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. वहीं बांग्लादेश ने भी दो बदलाव किए, जहां घायल शादमान इस्लाम और एबादोत हुसैन की जगह तंजीद हसन और शोरीफुल इस्लाम को मौका द‍िया. 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement