scorecardresearch
 

AUS vs BAN: ऑस्ट्रेलिया के सामने बांग्लादेश का निकला दम, मैके टेस्ट में 64 रनों पर ऑलआउट... स्टार्क का 'छक्का', कमिंस भी चमके

ऑस्ट्रेल‍िया और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैके में शन‍िवार (22 अगस्त) से शुरू हुआ, पहला टेस्ट हारने के बाद कंगारू गेंदबाजों ने इस बार पहले द‍िन ही बांग्लादेश की हालत टाइट कर दी. बांग्लादेश की टीम इस टेस्ट में बेहद सस्ते में महज 64 रनों पर आउट हो गई.

Advertisement
X
1 टेस्ट हार का ऐसा लिया बदला, बांग्लादेश को 64 पर समेटा... स्टार्क ने मचाई सनसनी (Photo: AP)
1 टेस्ट हार का ऐसा लिया बदला, बांग्लादेश को 64 पर समेटा... स्टार्क ने मचाई सनसनी (Photo: AP)

Australia vs Bangladesh 2nd Test: तो ऑस्ट्रेल‍िया ने बांग्लादेश को मैके टेस्ट के पहले द‍िन (शन‍िवार, 22 अगस्त) स‍िखा दिया कि क्यों वो चैम्प‍ियन टीम है. 

डार्व‍िन टेस्ट 9 व‍िकेट से हारने के बाद कंगारू टीम ने ऐसी वापसी की, जिसकी कल्पना मेहमान बांग्लादेश ने नहीं की होगी. मैके टेस्ट के पहले दिन ही बांग्लादेश की टीम 64 रनों पर पहली पारी में ढेर हो गई. स्टार्क ने 6 व‍िकेट लिए और वो बांग्लादेश पर कहर बनकर टूटे, खास बात यह रही कि उन्होंने बांग्लादेश के 4 बल्लेबाजों को खाता भी नहीं खोलने द‍िया. 

इस मुकाबले की खराब हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 39 रनों पर ही उसके 9 व‍िकेट गए थे. ऐसा लगा कि शन‍िवार को मैके में बांग्लादेश अपना टेस्ट क्रिकेट में सबसे न्यूनतम स्कोर बना लेगा, वो तो भला हो शोरफ‍िुल इस्लाम (14) और तैजुल इस्लाम का, ज‍िन्होंने आख‍िरी व‍िकेट के लिए ऐसी पार्टनरश‍िप की कि बांग्लादेश अपने शर्मनाक रिकॉर्ड से बच गया. दोनों ने म‍िलकर आख‍िरी व‍िकेट के लिए 25 रन जोड़े. 

Advertisement

वैसे बांग्लादेश का टेस्ट क्रिकेट में सबसे न्यूनतम स्कोर 43 रन का है, जो उसने वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ जुलाई 2018 में नॉर्थ साउंड में बनाया था.  जानकारी के लिए बता दें कि टेस्ट क्रिकेट का सबसे कम स्कोर का शर्मनाक रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम है, जो उसने इंग्लैंड के ख‍िलाफ साल 1955 में ऑकलैंड में बनाया था. 

कैसे हुई मैके टेस्ट की पहली पारी में बांग्लादेश की हालत खराब

वैसे बांग्लादेश की पहली पारी में हालत सबसे ज्यादा खराब करने के ज‍िम्मेदार म‍िचेल स्टार्क रहे, ज‍िन्होंने मैच में 10 ओवर्स में 6 मेडन के साथ 12 रन देकर 6 व‍िकेट लिए. वहीं कप्तान पैट कम‍िंस ने 10 ओवर्स में 25 रन देकर 3 विकेट लिए . एक सफलता जोश हेजलवुड को म‍िली. बांग्लादेश के 7 बल्लेबाज पहली पारी में इकाई के अंक पर न‍िपट गए. सबसे बडा स्कोर 11वें नंबर के बल्लेबाज शोर‍िफुल इस्लाम ने बनाया. 

स्टार्क ने बांग्लादेश की पारी को पहली ही गेंद पर झटका दिया जब शादमान इस्लाम 0 पर आउट हुए. स्टार्क ने अपने दम पर ही बांग्लादेश के शुरुआती 5 व‍िकेट महज 12 रनों के स्कोर पर ढेर कर दिए. ये 5 व‍िकेट महज 45 म‍िनट के अंदर आए. स्टार्क ने ही शोर‍िफुल इस्लाम को आउट कर बांग्लादेश की पारी का खात्मा किया.  बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए और कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement