scorecardresearch
 

स्मृति-ऋचा की आंधी, शेफाली का ऑलराउंड शो... टीम इंडिया का एशियन गेम्स में फिर बजा डंका, डिफेंड किया गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल डिफेंड किया है. फाइनल में स्मृति मंधाना, ऋचा घोष और शेफाली वर्मा के दमदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में जीत दिलाई.

Advertisement
X
भारत ने श्रीलंका को हराकर जीता गोल्ड. (Photo: AFP)
भारत ने श्रीलंका को हराकर जीता गोल्ड. (Photo: AFP)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर अपना दबदबा कायम कर दिया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में 22 सितंबर (मंगलवार) को टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क,निशिन में खेले गए फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया ने श्रीलंका को 147 रनों से हरा दिया. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारत ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में भी गोल्ड मेडल जीता था.

स्मृति-शेफाली ने मचाई तबाही

फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 60 गेंदों में 99 रनों की साझेदारी कर दी.

यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना ने रच दिया नया इतिहास... ऐसा करने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर

स्मृति ने 45 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. वहीं, शेफाली ने 29 गेंदों में 48 रन ठोकते हुए 3 चौके और 3 छक्के लगाए. स्मृति की इस पारी के दौरान उन्होंने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.

ऋचा घोष ने फिनिशिंग में लगाई आग

Advertisement

मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर बड़ी पारी नहीं खेल सकीं, लेकिन इसके बाद ऋचा घोष ने गेंदबाजों की जमकर खबर ली. हरमनप्रीत 19 रन बनाकर आउट हो गई. ऋचा ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49* रन ठोक दिए. उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. ऋचा की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 216/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो एशियन गेम्स महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया.

यह भी पढ़ें: 7 छक्के और तूफानी फिफ्टी... स्मृति मंधाना ने गोल्ड मेडल मैच में उड़ाया गर्दा, बने कई रिकॉर्ड्स

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. महज 50 रन के अंदर श्रीलंका के 6 खिलाड़ी वापस पवेलियन लौट गए. श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए. 

श्रीलंका की पूरी टीम महज 69 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. भारत ने ये फाइनल मुकाबला 147 रनों से जीत लिया. टीम इंडिया के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. शेफाली वर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल को 2-2 विकेट मिले. 

शेफाली का बल्ले के साथ गेंद से भी कमाल

Advertisement

शेफाली के लिए एशियन गेम्स 2026 शानदार रहा है. जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दिया था. वहीं सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने नाबाद 100 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को फाइनल में पहुंचाया. फाइनल में भी शेफाली ने 48 रन की तेज पारी खेली और टूर्नामेंट में भारत के अभियान की अहम खिलाड़ी बनी रहीं.

2023 का गोल्ड, 2026 में भी भारत का कब्जा

भारत ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में पहली बार महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था. 2026 में टीम इंडिया बतौर डिफेंडिंग चैम्पियन उतरी और एक बार फिर फाइनल तक पहुंचकर अपना खिताब बचा लिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement