scorecardresearch
 

ट्विशा शर्मा के ससुराल में बड़ी बहू का क्यों हुआ तलाक, सवाल सुनते ही भड़क गए वकील

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में नया विवाद तब खड़ा हो गया, जब इंटरव्यू के दौरान परिवार के वकील से बड़ी बहू के तलाक को लेकर सवाल पूछा गया. सवाल सुनते ही वकील भड़क गए और बहस तेज हो गई. इस बीच दहेज, मानसिक प्रताड़ना, ड्रग्स, बैंक ट्रांजैक्शन और हाईप्रोफाइल परिवार से जुड़े कई दावे सामने आए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पति समर्थ सिंह की तलाश जारी है.

Advertisement
X
ट्वविशा शर्मा के ससुराल में बड़ी बहू का भी तलाक हो चुका है (Photo: ITG)
ट्वविशा शर्मा के ससुराल में बड़ी बहू का भी तलाक हो चुका है (Photo: ITG)

भोपाल का चर्चित ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब हर गुजरते दिन के साथ नए सवाल खड़े कर रहा है. कभी वायरल व्हाट्सएप चैट चर्चा में आ जाती है, कभी हाईप्रोफाइल परिवार का बैकग्राउंड और अब इस केस में एक नया सवाल अचानक सुर्खियों में आ गया है. आखिर ट्विशा शर्मा के ससुराल में बड़ी बहू का तलाक क्यों हुआ था?

यही सवाल जब  प्रेस कॉफ्रेंस में परिवार के वकील से पूछा गया तो माहौल अचानक गर्म हो गया. सवाल सुनते ही वकील इनोश जार्ज कारलो भड़क गए और उन्होंने पलटकर पत्रकारों से ही सवाल कर दिया कि क्या आपका तलाक नहीं हो सकता है ? पत्रकारों ने तुरंत जवाब दिया नहीं हो सकता है. इसके बाद बातचीत और तीखी हो गई. पत्रकारों ने साफ कहा कि यह सवाल इसलिए जरूरी है क्योंकि आरोप लगाए जा रहे हैं कि परिवार में बहुओं को प्रताड़ित किया जाता है और इसी वजह से पहले भी रिश्ता टूट चुका है. वकील ने इस पूरे सवाल को टालने की कोशिश की, लेकिन इंटरव्यू का यह हिस्सा अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पहली बार मीडिया के सामने आए परिवार के वकील

ट्विशा केस में पहली बार गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की ओर से वकील इनोश जार्ज कारलो खुलकर मीडिया के सामने आए. उन्होंने आजतक से इंटरव्यू में परिवार पर लगे लगभग हर आरोप को गलत बताया. वकील का कहना था कि पूरे मामले को एकतरफा तरीके से पेश किया जा रहा है और उनके मुवक्किलों को झूठे केस में फंसाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस को सारे सबूत दिए जा चुके हैं और अदालत में भी जरूरी दस्तावेज जमा किए गए हैं.

Advertisement

दहेज के आरोपों पर पलटवार

इंटरव्यू के दौरान वकील ने सबसे ज्यादा जोर दहेज के आरोपों पर दिया. उन्होंने कहा कि परिवार पर दो लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया गया, जबकि पिछले चार-पांच महीनों में समर्थ सिंह और उसके परिवार की ओर से करीब आठ लाख रुपये ट्विशा शर्मा के बैंक खातों में यूपीआई के जरिए भेजे गए थे. वकील के मुताबिक इन ट्रांजैक्शन्स की रसीदें कोर्ट में जमा कर दी गई हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर हमारा परिवार दहेज मांग रहा था, तो फिर उल्टा हम पैसे क्यों भेजते ? उन्होंने यह भी कहा कि जांच एजेंसियों को ट्विशा के बैंक खातों की गहराई से जांच करनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि इतने पैसे आखिर कहां खर्च हुए. वकील ने यहां तक दावा किया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि कोई तीसरा व्यक्ति ट्विशा से पैसों की मांग कर रहा था. हालांकि इस दावे के समर्थन में उन्होंने कोई अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक नहीं की.

पार्सल वाला सवाल भी चर्चा में

इंटरव्यू के दौरान वकील ने एक और हैरान करने वाला दावा किया. उन्होंने कहा कि ट्विशा की मौत के बाद घर पर दो पार्सल आए थे. वकील ने सवाल उठाया कि अगर ट्विशा की मौत हो चुकी थी, तो फिर वे पार्सल किसने ऑर्डर किए थे?
अब यह दावा भी जांच का हिस्सा बन सकता है.

Advertisement

हाईप्रोफाइल परिवार की कहानी

ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के एडवोकेट समर्थ सिंह से हुई थी. दोनों की मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी. समर्थ सिंह का परिवार न्यायपालिका और सेना से जुड़ा रहा है. समर्थ की मां गिरिबाला सिंह न्यायिक सेवा से रिटायर हो चुकी हैं. वहीं परिवार का सेना से भी पुराना संबंध बताया जा रहा है. दूसरी तरफ ट्विशा का परिवार भी प्रभावशाली माना जाता है. उसका भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर पद पर तैनात है. ट्विशा खुद मॉडलिंग और ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी रही थी. उसने तेलुगू समेत अन्य भाषाओं की फिल्मों और विज्ञापनों में भी काम किया था.

मौत से पहले क्या हो रहा था

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों तक सब सामान्य था, लेकिन नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा के साथ व्यवहार बदल गया. परिवार का कहना है कि उस पर दूसरी नौकरी करने का दबाव बनाया जा रहा था और छोटी-छोटी बातों पर उसे अपमानित किया जाता था. ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने आरोप लगाया था कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी और भोपाल छोड़कर नोएडा वापस लौटना चाहती थी. परिवार का दावा है कि उसने वापसी के लिए रेलवे टिकट तक बुक कर लिया था. लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई. मायके पक्ष का आरोप है कि ट्विशा अनप्लांड प्रेग्नेंसी को लेकर तनाव में थी. परिजनों के मुताबिक उसे ऐसे ताने दिए जाते थे कि बच्चा मेरा नहीं है. वहीं दूसरी तरफ ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा खुद बच्चा नहीं चाहती थी और उसने खुद MTP पिल ली थी. गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में दिए आवेदन में दावा किया कि गर्भधारण की जानकारी मिलने के बाद ट्विशा का व्यवहार काफी बदल गया था.

Advertisement

ड्रग्स लेने के आरोप भी लगाए गए

ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ड्रग्स लेती थी और ड्रग्स नहीं लेने पर उसके हाथ कांपते थे. उनका कहना था कि परिवार को उसके व्यवहार से शक हुआ था. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.

पुलिस जांच में क्या सामने आया?

भोपाल पुलिस ने मामले में दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement