मध्य प्रदेश में प्राइवेट तेल कंपनी ने पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ा दी है. तेल कंपनी नायरा ने पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया है. नई दरें बुधवार सुबह से लागू हो गई हैं. भोपाल में पेट्रोल की कीमत 106.74 रुपये से बढ़कर 111.74 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल 91.86 रुपये से बढ़कर 94.86 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. यह बढ़ोतरी निजी पंपों पर लागू की गई है, जबकि सरकारी पंपों पर कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
कीमत बढ़ने के बाद पंपों पर पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई. कई ग्राहकों का कहना है कि जब सरकारी पंपों पर दाम नहीं बढ़े हैं, तो निजी कंपनियां ऐसा क्यों कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: बाइक वालों को 200 तो फोर व्हीलर्स को ₹2 हजार तक का ही पेट्रोल, पैनिक बाइंग के बाद जालना में राशनिंग
पेट्रोल पंप के मैनेजर सतीश ने बताया कि नई कीमतें सुबह 6 बजे से लागू की गई हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल पेट्रोल तो उपलब्ध है, लेकिन डीजल का स्टॉक खत्म हो गया है. इस वजह से पंप पर केवल पेट्रोल ही दिया जा रहा है, जिससे डीजल लेने वाले लोगों को परेशानी हो रही है.
इस मामले पर मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि नायरा ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा किया है और आने वाले समय में रिलायंस जैसी अन्य निजी कंपनियां भी ऐसा कर सकती हैं.
उन्होंने कहा कि सरकारी तेल कंपनियों पर सरकार का नियंत्रण होता है, इसलिए वे तुरंत दाम नहीं बढ़ातीं. लेकिन निजी कंपनियां बाजार के हिसाब से कीमत तय करती हैं. अजय सिंह के मुताबिक, निजी कंपनियां पहले से ही नुकसान झेल रही हैं. उनका कहना है कि कंपनियों को पेट्रोल पर करीब ₹22 प्रति लीटर तक का घाटा हो रहा है, इसलिए उन्हें कीमत बढ़ानी पड़ी.
नई कीमतें लागू होने से लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है. अब नायरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल के लिए एक लीटर पर 5 रुपये ज्यादा देने पड़ रहे हैं. वहीं डीजल में 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पंपों पर लोगों में नाराजगी साफ देखने को मिली है.
यह भी पढ़ें: जालना में पेट्रोल-डीजल की पैनिक बाइंग...कई पंप बंद, पुलिस के पहरे में दिया जा रहा ईंधन
कई लोग पेट्रोल भरवाने पहुंचे, लेकिन बढ़े हुए दाम देखकर हैरान रह गए. एक रिटायर्ड कर्मचारी ने कहा कि वे अपनी गाड़ी का टैंक फुल कराने आए थे, लेकिन अब वे सरकारी पेट्रोल पंप से ही पेट्रोल भरवाएंगे. उनका कहना था कि जब सरकारी पंपों पर दाम नहीं बढ़े हैं, तो निजी कंपनी क्यों बढ़ा रही है.
कुछ लोग मजबूरी में पेट्रोल भरवाते नजर आए, क्योंकि उन्हें तुरंत जरूरत थी. लेकिन उन्होंने भी कहा कि आगे से वे दूसरे पंप से पेट्रोल लेना पसंद करेंगे. इस अचानक बढ़ोतरी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
फिलहाल, भोपाल में इस बढ़ोतरी को लेकर लोगों में गुस्सा है. ऐसे में लोग अब सस्ते विकल्प की तलाश में सरकारी पेट्रोल पंपों की ओर रुख कर रहे हैं. कुछ लोगों ने निजी पंपों से पेट्रोल न लेकर सरकारी पंपों से ईंधन लेने की बात कही. कुछ पंपों पर डीजल का स्टॉक खत्म होने की भी जानकारी सामने आई है.