How to Make Ramdana Kheer: सावन के पावन महीने में व्रत के दौरान एनर्जी बनाए रखना और कुछ स्वादिष्ट खाना अपने आप में एक चुनौती होता है. अक्सर लोग फलाहार में मखाना या साबूदाना की खीर खाते-खाते बोर हो जाते हैं. ऐसे में इस बार कुछ अलग और सुपरहेल्दी ट्राई करना चाहते हैं तो रामदाना की खीर एक बेहतरीन विकल्प है. रामदाना जिसे राजगीरा और चौलाई भी कहते हैं, इसे एक सुपरफूड माना जाता है जो प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन से भरपूर होता है. यह न सिर्फ आपके शरीर को पूरे दिन ऊर्जावान रखता है, बल्कि इसका सोंधा स्वाद हर किसी को बहुत पसंद आता है. इस सावन व्रत में इस पौष्टिक खीर को जरूर बनाएं.
सामग्री (Ingredients)
रामदाना (राजगीरा/चौलाई): आधा कप (भुना हुआ या पफ्ड)
दूध: 1 लीटर (फुल क्रीम)
चीनी या मिश्री: आधा कप (स्वादानुसार)
ड्राई फ्रूट्स: 2 बड़े चम्मच (कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश)
हरी इलायची पाउडर: आधा चम्मच
केसर के धागे: 8-10 (वैकल्पिक, बेहतर रंग और स्वाद के लिए)
शुद्ध घी: 1 छोटा चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले एक भारी तले के बर्तन में दूध डालकर गैस पर उबलने के लिए रख दें. जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच को मध्यम कर दें और इसे तब तक पकाएं जब तक दूध थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.
अगर आपके पास कच्चा रामदाना है तो कढ़ाई में 1 छोटा चम्मच घी गर्म करें और रामदाना डालकर हल्का सा भून लें ताकि यह फूल जाए. अगर पहले से भुना हुआ/पफ्ड रामदाना है तो इस स्टेप को छोड़ दें.
जब दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तब इसमें भुना हुआ रामदाना धीरे-धीरे डालते जाएं और करछी से लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें.
रामदाना मिलाने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें. इसे 7 से 10 मिनट तक पकने दें, ताकि रामदाना दूध को अच्छी तरह सोख ले और खीर मखमली व गाढ़ी हो जाए.
अब इसमें चीनी (या कुटी हुई मिश्री) और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला लें. साथ ही केसर के धागे भी डाल दें ताकि खीर का रंग और स्वाद दोनों निखर जाएं.
अंत में हरी इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं और 2 मिनट तक और पकने के बाद गैस बंद कर दें.
तैयार है स्वादिष्ट और पौष्टिक रामदाना की खीर. इसे आप गरमा-गरम या फ्रिज में ठंडी करके फलाहार के रूप में सर्व कर सकते हैं.