scorecardresearch
 

How to Remove Rust: कड़ाही पर जम गई है जंग की मोटी परत, रसोई की इस चीज से करें साफ, चमकेगी नई जैसी

क्या आपके घर में भी लोहे के बर्तन जैसे कड़ाही-तवे या पैन पर जंग लग गई है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. यहां हम आपको कुछ ट्रिक्स बता रहे हैं जिनकी मदद से आप बर्तन पर जमी जिद्दी जंग से आसानी से साफ कर सकते हैं और आपके पुराने बर्तन मिनटों में शीशे की तरह चमक उठेंगे.

Advertisement
X
ऐसे साफ करें लोहे की कड़ाही (Photo: AI Generated)
ऐसे साफ करें लोहे की कड़ाही (Photo: AI Generated)

भारतीय किचन में लोहे की कड़ाही, तवे और पैन का इस्तेमाल रोजाना किया जाता है. लोहे के बर्तनों में बना खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है लेकिन इनकी सबसे बड़ी समस्या यह है कि जरा सी भी नमी या पानी रहने पर इनमें बहुत जल्दी जंग लग जाता है. एक बार जब कड़ाही या तवे पर जंग की लाल-काली परत जम जाती है तो उसमें खाना बनाना मुश्किल हो जाता है और बर्तन देखने में भी बहुत गंदे लगते हैं.

कई बार लोग इन्हें साफ करने की मशक्कत से बचने के लिए फेंक देते हैं या नया बर्तन खरीद लाते हैं. लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आपके किचन में ही कुछ ऐसी मामूली चीजें मौजूद हैं जो बर्तनों पर जमी जिद्दी से जिद्दी जंग को मिनटों में काटकर उन्हें बिल्कुल नए जैसा चमका सकती हैं. आइए जानते हैं इन बर्तनों को साफ करने की सबसे आसान और असरदार ट्रिक्स.

बेकिंग सोडा और नींबू का एक्टिव फॉर्मूला: जंग लगे तवे या कड़ाही पर दो से तीन चम्मच बेकिंग सोडा अच्छी तरह फैला दें. अब एक नींबू को बीच से काट लें और उसके रस को सीधे बेकिंग सोडा के ऊपर निचोड़ें. जब इसमें झाग बनने लगे, तो नींबू के टुकड़े से ही बर्तन की सतह पर अच्छी तरह रगड़ें. बेकिंग सोडा का खुरदरापन और नींबू का एसिड मिलकर जंग को तुरंत उखाड़ देते हैं.

Advertisement

व्हाइट विनेगर (सफेद सिरका) का कमाल: अगर पैन या कड़ाही में बहुत पुरानी और जिद्दी जंग लगी है, तो उसमें सफेद सिरका (विनेगर) और थोड़ा सा पानी भरकर गैस पर 5-10 मिनट के लिए उबलने रख दें. उबलने से जंग की परत ढीली हो जाएगी. इसके बाद आंच बंद करें, पानी को गुनगुना होने दें और फिर मेटल स्क्रबर (लोहे के जूने) से रगड़कर साफ कर लें.

आलू और बर्तन धोने वाले साबुन का देसी जुगाड़: एक बड़े आकार का कच्चा आलू लें और उसे बीच से काट लें. आलू के कटे हुए हिस्से पर थोड़ा सा डिशवॉश बार या ललिक्विड सोप लगाएं. अब इस आलू को कड़ाही या तवे के जंग वाले हिस्से पर दबाते हुए गोल-गोल घुमाकर रगड़ें. आलू में मौजूद ऑक्जेलिक एसिड जंग को काटने में बेहद मददगार होता है.

नमक और तेल की घिसाई: बर्तन पर थोड़ा सा मोटा या साधारण नमक छिड़कें और उसमें एक चम्मच सरसों का तेल मिलाएं. अब एक सूती कपड़े या प्यूमिस स्टोन (खुरदरे पत्थर) की मदद से इसे बर्तन पर तेजी से घिसें. नमक बर्तनों के लिए एक बेहतरीन नेचुरल स्क्रबर का काम करता है, जो मेटल को नुकसान पहुंचाए बिना जंग साफ कर देता है.

सफाई के बाद सीजनिंग करना न भूलें: लोहे के बर्तनों को साफ करने के बाद उन्हें पानी से धोएं और सूखे कपड़े से तुरंत अच्छी तरह पोंछ लें. इसके बाद बर्तन की सतह पर थोड़ा सा कुकिंग ऑयल (सरसों या नारियल तेल) लगाकर गैस पर हल्का गर्म कर लें. ऐसा करने से बर्तनों पर नमी नहीं टिकती और उनमें दोबारा कभी जंग नहीं लगता.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement