scorecardresearch
 

Turmeric Stain Removal: महंगे कपड़ों पर लग गए हैं हल्दी के निशान? किचन में रखी इन चीजों से मिनटों में करें साफ

Turmeric Stain Removal: खाना खाते समय या बनाते समय कई बार कपड़ों पर हल्दी के दाग लग जाते हैं. सफेद या क्रीम जैसे हल्के रंग के कपड़ों पर ये दाग बहुत खराब लगते हैं. ऐसे में यहां हम आपको इन दागों बिना घिसे आसानी से साफ करने के कुछ ट्रिक बता रहे हैं.

Advertisement
X
ऐसे छुड़ाएं हल्दी के दाग (Photo: ITG)
ऐसे छुड़ाएं हल्दी के दाग (Photo: ITG)

खाना खाते समय या खाना बनाते वक्त अक्सर कपड़ों पर सब्जी या दाल गिर जाती है जिससे हल्दी के जिद्दी पीले निशान बन जाते हैं. इस दाग को हटाने के चक्कर में कई बार लोग कपड़े को ही इतना घिस देते हैं कि उसके रेशे निकल आते हैं. ज्यादा घिसने की वजह से महंगे से महंगे कपड़े का भी फैब्रिक ही खराब हो जाता है.

अगर आपका भी कोई पसंदीदा कपड़ा हल्दी के दाग की वजह से अलमारी में पड़ा है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं जो कपड़े को नुकसान पहुंचाए बिना हल्दी के जिद्दी से जिद्दी निशान को मिनटों में गायब कर सकती हैं. 

नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल

दाग वाली जगह पर 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से आधा नींबू निचोड़ें. जब झाग बनने लगे तो इसे हल्के हाथों से या पुराने टूथब्रश से 2-3 मिनट तक रगड़ें. इसके बाद 10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर नॉर्मल पानी से धो लें.

सफेद सिरका और लिक्विड डिटर्जेंट

एक कटोरी में 2 चम्मच सफेद सिरका और 1 चम्मच लिक्विड डिटर्जेंट मिलाएं. इस घोल को सीधे हल्दी के दाग पर लगाएं और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद गुनगुने पानी से धो लें.

Advertisement

लिक्विड डिशवॉश और हाइड्रोजन पेरोक्साइड (खासतौर पर सफेद कपड़ों के लिए)

अगर कपड़ा सफेद या हल्के रंग का है तो बर्तन धोने वाले लिक्विड साबुन में कुछ बूंदें हाइड्रोजन पेरोक्साइड की मिलाएं. इसे दाग पर लगाकर 10 मिनट रखें और फिर धो लें. ध्यान रहे कि रंगीन कपड़ों पर हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल न करें.

टूथपेस्ट का करें यूज

सफेद (नॉन-जेल) टूथपेस्ट को सीधे हल्दी के निशान पर लगाएं. इसे हल्का सा रब करें और सूखने तक लगा रहने दें. सूखने के बाद ठंडे पानी और डिटर्जेंट से धो लें.

धूप में सुखाएं

कपड़े को किसी भी नुस्खे से धोने के बाद सीधे कड़क धूप में सुखाएं. हल्दी में मौजूद करक्यूमिन यौगिक सूरज की पराबैंगनी (UV) किरणों के संपर्क में आते ही टूटने लगता है, जिससे बचा-कुचा पीलापन अपने आप गायब हो जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement