scorecardresearch
 

How To Use Stale Bread: बासी ब्रेड को बेकार समझकर फेंकने की भूल न करें! इन 8 तरीकों से करें इस्तेमाल, एक भी स्लाइस नहीं होगी बर्बाद

How To Use Stale Bread: घर में बची हुई बासी ब्रेड को फेंकने की बजाय कई कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है. आप फ्रिज में रखी बासी ब्रेड से ब्रेडक्रम्ब्स, क्रूटॉन्स, फ्रेंच टोस्ट, ब्रेड पुडिंग जैसी कई चीजें बना सकते हैं. इस खबर में हम आपको बासी ब्रेड को इस्तेमाल करने के 8 आसान और स्मार्ट तरीके बताने वाले हैं, जो फूड वेस्ट भी कम करेंगे और पैसे भी बचाएंगे.

Advertisement
X
बासी ब्रेड से आप ब्रेडक्रम्ब्स से लेकर फ्रेंच टोस्ट बना सकते हैं.  (Photo: ITG)
बासी ब्रेड से आप ब्रेडक्रम्ब्स से लेकर फ्रेंच टोस्ट बना सकते हैं. (Photo: ITG)

How To Use Stale Bread: जब भी घर में ब्रेड से बनने वाली कोई डिश बनाई जाती है, तो लोग बाजार से ब्रेड का बड़ा पैकेट खरीदकर ले आते हैं. उनका सोचना होता है कि ब्रेड कभी न कभी इस्तेमाल हो ही जाती है. लेकिन अक्सर इसी सोच की वजह से ब्रेड की कुछ पीस बच जाते हैं और उन्हें फ्रिज में रख दिया जाता है. घर में रखी ब्रेड 1-2 दिन में बासी हो जाती है.

बासी ब्रेड को ज्यादातर लोग इस्तेमाल करने के बजाय बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही बासी ब्रेड आपके रसोई और घर के कई काम आसान बना सकती है? जी हां, बासी ब्रेड से कई तरह की स्वादिष्ट डिश भी बनाई जा सकती हैं और खाने की बर्बादी भी रुकती है. आज हम आपको बासी ब्रेड को दोबारा इस्तेमाल करने के 8 आसान और काम के तरीके बताने वाले हैं.

1. घर पर बनाएं ब्रेडक्रम्ब्स: आप बासी ब्रेड सख्त हो जाती हैं. ऐसे में आप इसकी मदद से ब्रेडक्रम्बस बना सकते हैं. ब्रेडक्रम्बस का इस्तेमाल कटलेट, टिक्की, पकोड़े और कई दूसरी रेसिपीज में किया जा सकता है. ऐसे में सख्त ब्रेड को आप मिक्सर में पीसकर ब्रेडक्रम्बस तैयार कर लें. इसमें थोड़ा सा नमक, काली मिर्च और मिक्स हर्ब्स या इटैलियन सीजनिंग मिलाकर एयरटाइट डिब्बे में रख दें. 

2. कुरकुरे क्रूटॉन्स तैयार करें: ब्रेड के छोटे-छोटे टुकड़े काटें और उन्हें मक्खन या ऑलिव ऑयल में हल्का गोल्डन होने तक सेंक लें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा-सा चीज़ या मसाले भी डाल सकते हैं. ये क्रूटॉन्स सूप और सलाद का स्वाद कई गुना बढ़ा देते हैं.

3. सूप और ग्रेवी को गाढ़ा बनाएं: बासी ब्रेड को छोटे टुकड़ों में तोड़कर सूप, स्ट्यू या ग्रेवी में डाल सकते हैं. इससे बिना किसी एक्स्ट्रा कॉर्नफ्लोर या मैदे के ग्रेवी गाढ़ी हो जाती है और स्वाद भी बढ़ता है.

Advertisement

4. ब्रेड सलाद बनाएं: अगर आपको हेल्दी खाना पसंद है तो बासी ब्रेड के टोस्ट किए हुए टुकड़ों को टमाटर, खीरा, प्याज और दूसरी सब्जियों के साथ मिलाकर सलाद तैयार किया जा सकता है. ऊपर से ऑलिव ऑयल और थोड़ा-सा सिरका डालें. ये हल्का और स्वादिष्ट मील बन जाता है.

5. टेस्टी ब्रेड पुडिंग बनाएं: बासी ब्रेड से स्वादिष्ट ब्रेड पुडिंग बनाई जा सकती है. दूध, चीनी, सूखे मेवे और अपनी पसंद के फ्लेवर के साथ इसे बेक करके बढ़िया डेजर्ट तैयार किया जा सकता है.

6. फ्रेंच टोस्ट बनाने में करें इस्तेमाल: फ्रेंच टोस्ट बनाने के लिए ताजी ब्रेड की बजाय हल्की बासी ब्रेड ज्यादा अच्छी मानी जाती है. ये अंडे और दूध का मिश्रण अच्छी तरह सोख लेती है, जिससे फ्रेंच टोस्ट ज्यादा टेस्टी बनता है.

7. पक्षियों के लिए रखें: अगर ब्रेड खाने लायक नहीं बची है, तो उसके छोटे-छोटे टुकड़े करके पक्षियों के लिए रख सकते हैं. इससे खाने की बर्बादी भी कम होगी.

8. जरूरत हो तो दोबारा नरम करें: अगर ब्रेड सिर्फ सूखी हुई है और खराब नहीं हुई है, तो उस पर हल्का पानी छिड़ककर कुछ मिनट ओवन में गर्म किया जा सकता है. इससे वो पहले से काफी सॉफ्ट हो जाती है.

पहले टेस्ट कर लें कि ब्रेड खराब तो नहीं हुई
अगर ब्रेड पर फफूंदी दिखाई दे रही है, उसमें अजीब गंध आ रही है या उसका रंग बदल गया है, तो उसे बिल्कुल इस्तेमाल न करें. ऐसी ब्रेड को तुरंत फेंक देना ही सही रहता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement