scorecardresearch
 

'अगले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी होंगे INDIA ब्लॉक के PM कैंडिडेट', CM रेवंत रेड्डी का बड़ा दावा

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा कि अगले आम चुनाव में राहुल गांधी INDIA ब्लॉक के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री बंदी संजय के बेटे पर दर्ज पॉक्सो मामले और राज्य के विकास एजेंडे पर खुलकर बात की.

Advertisement
X
रेवंत रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी ही अगले चुनाव में INDIA ब्लॉक के प्रधानमंत्री पर के उम्मीदवार होंगे. (Photo- X)
रेवंत रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी ही अगले चुनाव में INDIA ब्लॉक के प्रधानमंत्री पर के उम्मीदवार होंगे. (Photo- X)

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राष्ट्रीय राजनीति को लेकर एक बहुत बड़ा बयान दिया है. हैदराबाद में आयोजित एक कॉन्क्लेव में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने साफ किया कि अगले आम चुनावों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही 'INDIA' ब्लॉक की तरफ से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे.

रेवंत रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी का एकमात्र लक्ष्य कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाना है और वे खुद राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपनी राष्ट्रीय भूमिका निभाने को तैयार हैं. 

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने खुलासा करते हुए कहा, "राहुल गांधी की कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा प्रधानमंत्री बनने की नहीं है. लेकिन हाल ही में विकाराबाद में हुई एक बैठक के दौरान मैंने उन्हें इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने के लिए मनाया है. कांग्रेस पार्टी जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान करेगी और उसके बाद 'INDIA' ब्लॉक के सभी सहयोगी दलों को भी राहुल गांधी के नाम पर सहमत होने के लिए मनाया जाएगा."

उन्होंने कहा कि हम INDIA ब्लॉक की तरफ से एक पूरा पॉलिसी डॉक्यूमेंट पेश करेंगे और उस पर जनता का मैंडेट मांगेंगे. बदलते राजनीतिक परिदृश्य पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आजकल जनता को 'स्विगी स्टाइल पॉलिटिक्स' चाहिए, जो तुरंत नतीजों को उनके दरवाजे तक पहुंचा सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ‘मेरे साथ आ जाइए...’, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से क्यों बोले पीएम मोदी

इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे से जुड़े POCSO मामले पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पुलिस कानून के अनुसार जांच कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. रेवंत रेड्डी ने बंडी संजय से अपने बेटे को पुलिस के सामने पेश करने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें जांच का सामना करना चाहिए, न कि भागना चाहिए.

उन्होंने कहा "बंदी संजय इस मामले पर राजनीति करने और भागने के बजाय नैतिक साहस दिखाएं. वे खुद अपने बेटे को पुलिस स्टेशन लेकर आएं और कानून के हवाले करें. अगर तय समय सीमा के भीतर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया, तो पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी."

अवैध निर्माणों पर बुलडोजर और 'फ्यूचर सिटी' का विजन
झीलों, तालाबों और सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के अभियान पर मिल रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने एक जापानी कहावत का जिक्र किया, "लोग शहर को प्रदूषित करने की बात भूल सकते हैं, लेकिन पानी के स्रोतों को दूषित करने वाले को कभी नहीं भूलते." 

उन्होंने कहा कि वे यह सब अपने लिए नहीं बल्कि जनता के भविष्य के लिए कर रहे हैं. मूसी नदी पुनरुद्धार परियोजना से प्रभावित होने वाले वैध नागरिकों को सरकार डबल-बेडरूम मकान, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं देकर मुआवजा देगी.

Advertisement

इसके साथ ही उन्होंने 'तेलंगाना राइजिंग 2047' और 'भारत फ्यूचर सिटी' के विजन को साझा किया. उन्होंने कहा कि हैदराबाद के पास 30 हजार एकड़ में हाई-टेक 'फ्यूचर सिटी' बसाई जा रही है, जिसमें आईटी फर्म्स, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) और कृषि आधारित उद्योग होंगे. केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 7 में से 3 बुलेट ट्रेन हैदराबाद को मिली हैं, जिसके लिए शमशाबाद में एक अत्याधुनिक 'बुलेट ट्रेन हब' बनाया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस के भीतर BJP के आदमी हैं रेवंत रेड्डी', निकाय चुनाव से पहले जमकर बरसे केटीआर

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा कि पुरानी सरकार ने केंद्र से सहयोग नहीं किया, लेकिन वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ राज्य के विकास और अधिक फंड जुटाने के लिए एक प्रशासनिक प्रतिनिधि के तौर पर स्वस्थ संवाद बनाए हुए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement