पंजाब के लुधियाना में एक तेल का टैंकर का फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. इसके बाद टैंकर में भीषण आग लग गई. हादसा इतना भीषण था कि टैंकर से आग की भयंकर लपटें उठने लगीं. हादसे के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, इससे फ्लाईओवर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक रुक गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 4-5 गाड़ियां मौके पर भेगी गईं. साथ ही भार संख्या में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
एजेंसी के मुताबिक ये हादसा लुधियाना में खन्ना इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ. अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है, ये हादसा दोपहर साढ़े 12 बजे हुआ. मौके पर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है. इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है.
एसएसपी खन्ना अमनीत कोंडल ने कहा कि हमें दोपहर 12.30 बजे सूचना मिली कि फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराने के बाद एक तेल टैंकर में आग लग गई है. नागरिक और पुलिस प्रशासन के साथ 4-5 फायर टेंडर तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थिति नियंत्रण में है. ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है.