scorecardresearch
 

पूर्वोत्तर भारत में पूरे हफ्ते बारिश! ओडिशा में रेड अलर्ट, जानें दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 17 से 20 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में उमस भरा मौसम रहेगा.

Advertisement
X
IMD Rain Alert, weather forecast till 20 July 2026 (File Photo- PTI)
IMD Rain Alert, weather forecast till 20 July 2026 (File Photo- PTI)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले एक हफ्ते के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके मुताबिक, उत्तर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसूनी गतिविधियां तेज होंगी.

वहीं, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में अगले 6–7 दिनों तक मॉनसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है.

ओडिशा में रेड अलर्ट
IMD ने 14 और 15 जुलाई को ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. गंगीय पश्चिम बंगाल में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. 16 और 17 जुलाई तक दोनों राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है.

बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश
बिहार में 14 और 15 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 20 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. झारखंड में भी अच्छी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20 जुलाई तक व्यापक स्तर पर बारिश होने का पूर्वानुमान है.

Advertisement

समंदर से भारत की ओर एक्टिव हुआ बादलों का व्हाइट जोन, देखें सैटेलाइट तस्वीरें

उत्तर-पश्चिम भारत में वीकेंड से बढ़ेगी बारिश
IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी. हालांकि, 17 से 20 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 25–35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे उमस बनी रहेगी.

फिर ये वीकेंड होगा Rainy... पूरे यूपी में 17 तारीख से बरसेंगे बादल, चलेंगी तेज हवाएं
 

दक्षिण और पश्चिम भारत में फिलहाल राहत
दक्षिण प्रायद्वीपीय और पश्चिम-मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले 6–7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, 17 जुलाई से कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में फिर से व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
 

कई राज्यों में गर्मी और उमस का असर
IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश एवं यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल तथा रायलसीमा के कुछ हिस्सों में लू या गर्म हवाएं चलने एवं उमस भरे मौसम की चेतावनी भी जारी की है.

Advertisement

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव,यातायात प्रभावित होने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. 

मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने 14 से 19 जुलाई के बीच अरब सागर के कई हिस्सों तथा ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल तट से लगे बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं और खराब समुद्री परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.

मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम की स्थिति तेजी से बदल सकती है, इसलिए लोग जिला-स्तरीय मौसम पूर्वानुमान और आधिकारिक चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखें.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement