मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून पूरे भारत में एक्टिव हो चुका है लेकिन विडंबना है कि देश के ज्यादातर हिस्सों से बरसात गायब है. देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में मॉनसून की बारिश अभी रुक गई है. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक ज्यादातर जगहों पर वेदर सूखा रहेगा, सिर्फ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
वहीं, 20 जुलाई के बाद गर्मी और उमस से राहत मिलने की खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिन यानी 19 जुलाई के आस-पास यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के बाकी इलाकों में मौसम बदलने वाला है. बारिश की गतिविधियों के साथ मौसम में बदलाव आने की संभावना है.
महेश पलावत के मुताबिक, मॉनसून की ट्रफ (दबाव की रेखा) 20 जुलाई के बाद प्लेन की तरफ दक्षिण की ओर खिसकेगी. तब उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून फिर से एक्टिव हो सकता है.
फिलहाल उत्तर भारत में मॉनसून की गतिविधि कमजोर है. दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी यूपी और हरियाणा में दिन में तेज धूप और रात में उमस वाली गर्मी पड़ रही है. उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में अधिकतम तापमान 35-38 डिग्री के आसपास बना हुआ है. जबकि कई जगहों पर हल्की बारिश भी हो रही है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है. राहत की बारिश के लिए अभी 3 दिन का इंतजार करना पड़ सकता है.
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 19-21 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 20-21 जुलाई को बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. 21 जुलाई को इन इलाकों में अच्छी बारिश का अनुमान है. जबकि उत्तराखंड और हिमालय क्षेत्र में 17 जुलाई से ही बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. साथ ही 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
वहीं, पूर्वी भारत में बारिश का सिलसिला अभी भी चल रहा है. ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में कम दबाव के कारण लगातार बारिश हो रही है.
मौसम विभाग और स्काईमेट दोनों ही एजेंसियां 20 जुलाई के बाद उत्तर भारत में मॉनसून के फिर से मजबूत होने की उम्मीद जता रही हैं.
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में 16 जुलाई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. जिसमें मुंबई, रत्नागिरी, पुणे, सातारा, अहिल्यानगर, धाराशिव, परभणी, जलना, हिंगोली, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, सांगली, ठाणे, पालघर, रायगड, लातूर, नांदेड़, बीड और सोलापुर शामिल हैं.
(मुंबई से विद्या के इनपुट के साथ)