scorecardresearch
 

'लादेन को जी, PM मोदी को आतंकी कहते हैं...', खड़गे के बयान पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'आतंकवादी' कहकर विवादित बयान दिया है. ऐसे में बीजेपी के कई नेताओं ने उनपर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और माफी मांगने की मांग की है. बीजेपी नेताओं ने खड़गे के बयान को प्रधानमंत्री और जनता का अपमान बताया है.

Advertisement
X
बीजेपी नेता खड़गे से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं. (Photo- ITGD)
बीजेपी नेता खड़गे से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं. (Photo- ITGD)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान देकर बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं. उनके पीएम मोदी को 'आतंकी' कहने के बाद संबित पात्रा से लेकर के.अन्नामलाई तक, उनपर भड़क गए हैं. बीजेपी ने खड़गे से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं.

हालांकि, खड़गे ने अपने बयान पर सफाई दे दी है, इसके बावजूद बीजेपी नेता उनकी बातों को प्रधानमंत्री और जनता का अपमान बता रहे हैं. अन्नामलाई ने कहा, 'दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक वरिष्ठ राजनेता, कांग्रेस पार्टी के नेता, जिसकी अपनी एक विरासत रही है, बहुत ही गंदी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं.

अन्नामलाई ने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को कम कर रहे हैं और सीधे तौर पर पीएम मोदी को आतंकवादी कह रहे हैं. अब हम कम से कम ये मांग कर रहे हैं कि मल्लिकार्जुन खड़गे को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और लोगों से क्षमा मांगनी चाहिए.'

सीएम योगी ने बताया 'देश का अपमान'

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, देश के लोकप्रिय, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित आदरणीय प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की असंसदीय टिप्पणी अक्षम्य, अति निंदनीय और भारतीय लोकतंत्र की मर्यादाओं का घोर अपमान करने वाली है. ये बयान कांग्रेस की हताशा, निराशा, मानसिक दिवालियापन और गिरती हुई राजनीतिक संस्कृति की पहचान है.

Advertisement

सीएम योगी ने आगे कहा कि खड़गे की ऐसी टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों का भी अपमान है. ऐसे में उन्हें देश और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.

संबित पात्रा ने बताया 'निंदनीय'

बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने खड़गे के बयान को निंदनीय बताया है. उन्होंने इसे कांग्रेस की मानसिकता का नतीजा बताया. पात्रा ने कहा, 'ये कोई जुबान का फिसलना नहीं है. भले ही वो कोई सफाई दें, याद रखें कि ये कांग्रेस पार्टी की एक सोची-समझी साजिश है. हर दिन राहुल गांधी अपने भाषणों में प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और आज राहुल के कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह दिया.'

पात्रा ने आगे दावा किया कि ये वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को 'ओसामा जी' कहती है. ये वही कांग्रेस पार्टी है जिसे बड़े आतंकियों के साथ खड़े देखा जाता है, फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहती है.

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस पार्टी ने पहले ही हार मान ली है. ऐसे में उनमें हताशा और निराशा साफ दिखाई दे रही है. उन्होंने पूछा कि कांग्रेस कब तक पीएम मोदी के खिलाफ ऐसी लापरवाह टिप्पणियों से जनता को गुमराह करना जारी रखेंगे? उन्होंने कहा कि खड़गे को प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत की जनता से भी माफी मांगनी चाहिए.

Advertisement

येदियुरप्पा भी कांग्रेस पर भड़के

बी.एस. येदियुरप्पा ने भी एक्स पर लिखा, 'राष्ट्र के गौरव नरेंद्र मोदी जी को आतंकवादी कहकर आपने जो बहुत घृणित बयान दिया है, वो न सिर्फ आपके अहंकार का नतीजा है, बल्कि इसने आपकी सड़ी हुई, जहरीली मानसिकता को उजागर कर दिया है. येदियुरप्पा के मुताबिक पीएम मोदी का इस तरह अपमान करना मोदी जी का समर्थन करने वाले करोड़ों भारतीयों का अपमान करने के बराबर है.' 


पीयूष गोयल ने भी कहा कि मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और DMK इतने नीचे गिर गए हैं कि वो भारत की जनता के लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहकर उनका अपमान कर रहे हैं. राहुल गांधी और एम.के. स्टालिन को प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत की जनता, जिन्होंने उन्हें वोट दिया है, के इस सीधे अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए.

शिवराज सिंह चौहान ने बताया 'बदज़ुबानी की राजनीति'

शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब मुद्दों पर घिर जाती है, तब उसके नेताओं की भाषा ही उनका असली चेहरा दिखा देती है. प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल ये बताता है कि विपक्ष के पास न नीति बची है, न नीयत; सिर्फ निराशा और हताशा बाकी है. खड़गे जी का बयान सुनकर साफ हो गया है कि कांग्रेस अब बहस नहीं, बल्कि बदज़ुबानी की राजनीति पर उतर आई है. जनता काम और विकास देखती है, जबकि कांग्रेस सिर्फ नाम लेकर अपमान करने में लगी है.

Advertisement

नायाब सैनी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री के लिए आतंकवादी जैसे शब्द का इस्तेमाल करना कांग्रेस की घोर हताशा और उनके गिरते राजनीतिक स्तर का सबूत है. इससे ये साफ होता है कि कांग्रेस के पास न तो मुद्दे बचे हैं और न ही जनसमर्थन.

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'एक और घटिया प्रदर्शन में, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा और सवाल उठाया कि AIADMK उनके साथ कैसे गठबंधन कर सकती है. ये पहली बार नहीं है जब खड़गे ने सार्वजनिक विमर्श को इतने निचले स्तर तक खींचा है.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement