scorecardresearch
 

जूनागढ़ और मुरादाबाद... दोनों जगहों से कुत्तों को दबोच ले गया तेंदुआ, वीडियो में जो दिखा वो दहला देने वाला है

गुजरात के जूनागढ़ में गिरनार जंगल के पास एक तेंदुआ प्रेरणाधाम आश्रम के गेट से कुत्ते को उठाकर ले गया. वहीं, मुरादाबाद के भगतपुर इलाके का CCTV फुटेज सामने आया है, यहां भी तेंदुआ एक कुत्ते का शिकार करते दिखा है. दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आए हैं, जो दहला देने वाले हैं.

Advertisement
X
पलक झपकते ही कुत्ते को दबोच ले गया तेंदुआ. (Photo: ITG)
पलक झपकते ही कुत्ते को दबोच ले गया तेंदुआ. (Photo: ITG)

कुछ लोग किसी आश्रम के परिसर में बैठे थे. कुछ लोग बेंच पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे. आसपास दूसरे लोग बातचीत कर रहे थे. तभी अचानक एक तेंदुआ आता है. सामने मौजूद कुत्ते को गर्दन से दबोचता है और पलक झपकते ही लेकर गायब हो जाता है. वहां बैठे लोग एकाएक समझ ही नहीं पाते कि हुआ क्या है.

गुजरात के जूनागढ़ में कुछ ऐसा ही हुआ. गिरनार जंगल के पास स्थित प्रेरणाधाम आश्रम में हुई यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से भी ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है. भगतपुर इलाके के इस फुटेज में तेंदुआ कुत्ते का शिकार करते दिखा है. दो अलग-अलग राज्यों से सामने आए इन वीडियो के बाद उन इलाकों के लोग दहशत में आ गए.

यहां देखें Video

पहली घटना गुजरात के जूनागढ़ की है. यहां गिरनार जंगल के नजदीक प्रेरणाधाम आश्रम स्थित है. आश्रम के गेट के पास एक ऑफिस है. इसी जगह का CCTV फुटेज सामने आया है. आश्रम के संचालक राजभाई के मुताबिक, घटना शाम करीब 7:30 बजे की है. परिसर में लोग मौजूद थे. कुछ लोग बेंच पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे, जबकि कुछ आसपास बातचीत कर रहे थे. 

Advertisement

इसी दौरान एक कुत्ता ऑफिस के दरवाजे के पास पहुंचा. तभी तेंदुआ अचानक वहां आया और कुत्ते को गर्दन से दबोच लिया. इसके बाद वह उसे लेकर जंगल की ओर भाग गया. पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका नहीं मिला. शुरुआत में किसी को अंदाजा भी नहीं हुआ कि आखिर हुआ क्या है. बाद में CCTV फुटेज देखा गया, तब तेंदुए के हमले का पता चला.

यह भी पढ़ें: गुजरात: रात में घर के आंगन में घुसा तेंदुआ, खूंटे से बंधे मवेशी पर हमला कर मार डाला, CCTV में कैद हुई घटना

यहां गिरनार जंगल के नजदीक होने के कारण आश्रम के आसपास वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है. आश्रम के मुताबिक, देर रात और सुबह के समय शेर और तेंदुए भी आसपास दिखाई देते हैं. लेकिन इस बार शाम के वक्त लोगों की मौजूदगी में तेंदुए का इस तरह आना चिंता बढ़ाने वाला रहा.

मुरादाबाद: CCTV में कुत्ते का शिकार करता दिखा तेंदुआ

अब उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की बात करते हैं. यहां भगतपुर इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. फुटेज में तेंदुआ कुत्ते का शिकार करता दिखाई देता है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय स्तर पर पहले भी जिले के अलग-अलग इलाकों में तेंदुए देखे गए. ग्रामीणों को डर है कि तेंदुआ आबादी के आसपास घूम रहा हो सकता है. मुरादाबाद में वन विभाग तेंदुओं को पकड़ने के लिए रेस्क्यू चला रहा है. तेंदुओं के हमलों में चार लोगों की मौत भी हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं. 

Advertisement

दोनों जगह निशाने पर आए कुत्ते

जूनागढ़ और मुरादाबाद के वीडियो में एक बात कॉमन है. दोनों जगह तेंदुआ कुत्ते को निशाना बनाता दिखाई देता है. लोगों का कहना है कि तेंदुआ दिखाई देने पर सबसे बड़ी गलती होती है उसके करीब जाकर वीडियो बनाने की कोशिश करना, उसे घेरना या भगाने के लिए भीड़ जुटाना.

ऐसी स्थिति में लोगों को उससे दूरी बनाए रखनी चाहिए और वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देनी चाहिए. जंगल या वन क्षेत्र के नजदीक रहने वाले लोगों को रात में अपने पालतू जानवर खुले में छोड़ने से बचना चाहिए. बच्चों को अकेले सुनसान जगहों पर न भेजें. अगर तेंदुआ आसपास दिखाई दे, तो उसे रास्ता देने की कोशिश करें और उसके पास जाने से बचें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement