अब केरल में चल रहे अवैध स्पा पर शिकंजा कसा जा रहा है. राज्य के मंत्री रमेश चेन्निथला ने त्रिशूर में बताया कि सरकार ने अवैध तरीके से चल रहे स्पा के खिलाफ ‘ऑपरेशन स्पा’ शुरू किया है. जानकारी के मुताबिक, पिछले तीन से चार दिनों में पुलिस ने राज्य के कई हिस्सों में छापेमारी की है. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा के खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए हैं.
मंत्री के मुताबिक, केरल में कई स्पा 'शॉप्स एंड इस्टैब्लिश्मेंट एक्ट' के तहत खोले जा रहे हैं, लेकिन इनमें जरूरी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा. कई जगह यह तक साफ नहीं है कि स्पा कौन चला रहा है और वहां वास्तव में कौन-कौन सी गतिविधियां हो रही हैं.
सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेशन की शिकायतों से बढ़ी चिंता
मंत्री रमेश चेन्निथला के मुताबिक, स्पा में सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेशन की कई शिकायतें सामने आई हैं. आरोप है कि केरल और दूसरे राज्यों से महिलाओं को इन स्पा में काम के लिए लाया जाता है और बाद में उनका शोषण किया जाता है.
सरकार के पास ऐसी कई शिकायतें पहुंची हैं, जिनमें महिलाओं को स्पा में काम के नाम पर लाकर गलत गतिविधियों में धकेले जाने की बात कही गई है. सरकार ने इसे गंभीर सामाजिक समस्या माना है और इसी वजह से पुलिस को ऐसे ठिकानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: 'मेरी शादी में जरूर आइए योगी जी', केरलम की लड़की ने CM को लिखा भावुक पत्र
बिना लाइसेंस वाले स्पा पर सख्ती
सरकार अब ऐसे स्पा को बंद करने की तैयारी में है जो बिना लाइसेंस या नियमों की अनदेखी करके चल रहे हैं. चेन्निथला ने साफ कहा कि कानून तोड़ने वाले स्पा को बंद किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही सरकार स्पा कारोबार को नियंत्रित करने के लिए अलग कानून लाने पर भी विचार कर रही है. आने वाले समय में छापेमारी के साथ ही स्पा सेंटर के नियम और निगरानी का पूरा ढांचा तैयार किया जा सकता है.
पूरे नेटवर्क पर होगी नजर
‘ऑपरेशन स्पा’ के जरिए सरकार का फोकस सिर्फ एक-दो ठिकानों तक सीमित नहीं है. पुलिस की कार्रवाई और दर्ज किए गए मामलों के बाद अब उन लोगों पर भी नजर है जो नियमों को दरकिनार कर ऐसे प्रतिष्ठान चला रहे हैं.