महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट के पास एक शिपिंग कंपनी के मालिक राणा दिलीप सूर्यवंशी पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, हमलावर फूलों का गुलदस्ता देने के बहाने उनके पास पहुंचे थे. घटना के समय सूर्यवंशी के साथ उनका निजी बॉडीगार्ड भी मौजूद था. हमले के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है.
सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) चैतन्य कदम ने बताया कि सूर्यवंशी निजी काम से बारामती आए थे. इसी दौरान स्कूटर पर सवार दो लोग उनके पास पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने फूलों का गुलदस्ता देने के बहाने अचानक हमला कर दिया. पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनका पता लगाने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर दनादना चली गोली, बेटे के लिए परेशान हुईं मां, आया फर्स्ट रिएक्शन
गोली चलने की पुष्टि नहीं, जांच जारी
पुलिस अधिकारी चैतन्य कदम के मुताबिक, अब तक गोली चलने की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है. कथित गोलीबारी के मामले की भी जांच की जा रही है. पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं. फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: 'आधे घंटे रुके, जिस तरफ टाइगर बैठे थे वहीं गोली चलाई', टाइगर श्रॉफ पर हमले के चश्मदीद ने क्या बताया?
डॉक्टरों की निगरानी में सूर्यवंशी
रूबी हॉल क्लिनिक के सीईओ मुदित सक्सेना ने बताया कि सूर्यवंशी की हालत पर मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि डॉक्टर उनकी स्थिति का विस्तृत आकलन करेंगे, ताकि आगे के इलाज के बारे में फैसला लिया जा सके. मामले में पुलिस जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार है.