ईरान ने बीती रात होर्मुज से गुजर रहे यूएई के दो ऑयल टैंकर पर क्रूज मिसाइलें दागीं. ईरानी हमले में एक भारतीय की मौत हो गई है. यूएई के शिप पर ईरानी हमले और इसमें एक भारतीय की मौत के बाद मंगलवार को विदेश मंत्रालय ने ईरानी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब किया. विदेश मंत्रालय ने ईरानी मिशन के डिप्टी चीफ से इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया.
भारत ने होर्मुज में कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि नाविकों को निशाना बनाने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग, खासकर होर्मुज में सुरक्षित आवाजाही में बाधा डालने वाली ऐसी हिंसक घटनाएं तत्काल बंद होनी चाहिए. विदेश मंत्रालय ने होर्मुज में यूएई के झंडे वाले दो जहाज, एमटी अल बहियाह और एमटी मोम्बासा पर हमलों को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है.
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन दोनों जहाजों पर चालक दल के कुल 46 सदस्य सवार थे. इनमें से 30 भारतीय नागरिक हैं. एमटी अल बहियाह पर सवार चालक दल के सदस्य 12 भारतीयों में से एक की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हुए हैं. एमटी मोम्बासा पर सवार 18 भारतीयों में से नौ घायल हुए हैं. इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
यह भी पढ़ें: ईरानी हमले में भारतीय नाविक की मौत... 8 घायल, होर्मुज में UAE के जहाजों पर दागे क्रूज मिसाइल
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय जालक दल के सदस्यों को हर संभव सहायता उपलबअध कराई जा रही है. हम यूएई के अधिकारियों के संपर्क में हैं. यूएई में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. इस बयान में ईरानी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब कर औपचारिक रूप से कड़ा विरोध दर्ज कराने की जानकारी भी दी है. भारत ने कहा है कि इलाके में हिंसा को तुरंत समाप्त करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: 'ईरानी हमले का जवाब देने को तैयार', जहाज पर हमला और भारतीय नाविक की मौत पर बोला UAE
विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में फिर से बढ़ती हिंसा और तनाव पर चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचों पर हमले तत्काल बंद होने चाहिए.