भारत के कई राज्यों में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिसका सबसे ज्यादा असर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में देखने को मिला है, जहां भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मेघालय में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. इसी तरह पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मिजोरम, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे नदिया उफान पर हैं.
उत्तराखंड में हादसा
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे 120 सड़कें बंद हो गईं, जिनमें 3 नेशनल हाईवे भी शामिल हैं. यमुनोत्री नेशनल हाईवे का एक हिस्सा दो दिनों तक बंद रहा, जिसके बाद करीब 100 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला गया. इस दौरान एक डॉक्टर की मौत भी हो गई.
दिल्ली में बढ़ा अधिकतम तापमान
इसी बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़ गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश की कोई चेतावनी नहीं जारी की है. वैज्ञानिकों के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम के शुष्क रहने और बारिश न होने की संभावना है.
यूपी और बिहार समेत पूर्वोत्तर में होगी तेज बारिश
IMD के वैज्ञानिक डॉ. नरेश ने बताया, 'पिछले कुछ दिनों में मध्य भारत या इसके आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में निम्न दबाव का क्षेत्र था. इसके अलावा मानसून की ट्रफ दिल्ली के दक्षिण में थी, जिसकी वजह से दिल्ली-NCR में भारी से मध्यम बारिश हुई. अब निम्न दबाव कमजोर हो गया है, लेकिन उत्तर प्रदेश के ऊपर एक सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की गतिविधि रहने की संभावना है.'