शेयर बाजार (Stock Market) सोमवार को शुरुआत से लेकर अंत तक बमबम रहा. सेंसेक्स 78,600 के पार बंद हुआ, तो वहीं निफ्टी 360 अंक की जोरदार उछाल साथ बंद हुआ. वहीं, लोकसभा में सोमवार को 'सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026' पारित हो गया. इन खबरों के अलावा, भारत दौरे के लिए सोमवार को ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
ये 5 कारण... जिनसे शेयर बाजार बना रॉकेट, Nifty ने मचाया गदर
शेयर बाजार में सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स ज़ोरदार तेज़ी लेकर बंद हुए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स तूफानी तेजी के साथ खुलने के बाद अंत में 544.39 अंकों की बढ़त के साथ 78,600 के पार बंद हुआ. वहीं, दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी 390 अंक की जोरदार उछाल साथ 24,774.30 पर बंद हुआ.
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज कर ली है. उन्होंने बीजेपी के नीरज कुमार को 18,953 वोटों से हराया. शुरुआती राउंड से बढ़त बनाने वाले प्रशांत किशोर ने आखिर तक अपनी लीड बरकरार रखी. बीजेपी के नीरज कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आरजेडी की रेखा कुमारी तीसरे नंबर पर रहीं.
सुप्रीम कोर्ट में अब 38 हो जाएगी जजों की संख्या... लोकसभा से बिल पास
लोकसभा में सोमवार को 'सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026' पारित हो गया. इस विधेयक के जरिए सुप्रीम कोर्ट में जजों की अधिकतम स्वीकृत संख्या बढ़ा दी गई है. अब सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश समेत कुल 38 जज काम कर सकेंगे. केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने यह बिल सदन में पेश किया था.
विली वॉल्श बने इंडिगो के नए CEO, कंपनी के अंतराष्ट्रीय विस्तार पर रहेगा फोकस
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो में विलियम मैथ्यू वॉल्श ने सोमवार को CEO का पद संभाल लिया. कंपनी ने कहा कि वॉल्श एयरलाइन की भविष्य की रणनीतियों और इंटरनेशनल मार्केट में उसके विस्तार की अगुवाई करेंगे. इंडिगो ने पूर्व CEO पीटर एल्बर्स के पद छोड़ने के तीन हफ्ते के अंदर, 31 मार्च 2026 को बतौर CEO विली वॉल्श के नाम का ऐलान किया था.
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के चलते भारी भीड़ और यातायात व्यवधान को देखते हुए जिला प्रशासन ने 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक कक्षा 1 से 12वी तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. यह आदेश जिले के सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दलीप ट्रॉफी के लिए नॉर्थ जोन टीम का ऐलान, अर्शदीप सिंह को मिला मौका
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए नॉर्थ जोन की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान हो गया है. जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ कन्हैया वाधवान को टीम की कमान सौंपी गई है. दिल्ली के आयुष बदोनी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. वहीं, भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज को नॉर्थ जोन की टीम में शामिल किया गया है.
अगले 24 घंटे भारी! बिहार समेत इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने दी बड़ी चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए देश के कई राज्यों में भारी और बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बिहार, अरुणाचल प्रदेश और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कुछ जगहों पर बहुत तेज बारिश के आसार हैं. वहीं दिल्ली, UP, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, असम, हिमाचल प्रदेश और कई दूसरे राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है.
इस भारतवंशी क्रिकेटर पर ICC का तगड़ा एक्शन, मैच फिक्सिंग के मामले में लगा 8 साल का बैन
ICC ने भारतीय मूल के अमेरिकी क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी पर आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया है. आईसीसी की एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने रेड्डी को भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तीन गंभीर उल्लंघनों का दोषी करार दिया है. बोडुगुम ने 2025 अबू धाबी टी10 लीग के एक दौरान मैच के नतीजे और खेल की दिशा को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की.
भारत दौरे के लिए सोमवार को ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसके लिए 16 सदस्यीय युवा टीम का ऐलान किया है, जिसमें भारतीय मूल के खिलाड़ी नील पटेल को भी जगह मिली है. 13 सितंबर से शुरू होने जा रहे इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच सीमित ओवर और लाल गेंद दोनों तरह का क्रिकेट खेला जाएंगे.
'मुझे सिर्फ IPL खिलाड़ी समझा गया'... शशांक सिंह का छलका दर्द, छोड़ा छत्तीसगढ़
पंजाब किंग्स के स्टार ऑलराउंडर शशांक सिंह ने घरेलू क्रिकेट में बड़ा फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ छोड़कर 2026-27 सीजन से पुडुचेरी के लिए खेलने का ऐलान कर दिया है. शशांक को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से NOC मिल गया है. 34 साल के शशांक अब पुडुचेरी के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर फोकस करना चाहते हैं.