scorecardresearch
 

विली वॉल्श बने इंडिगो के नए CEO, कंपनी के अंतराष्ट्रीय विस्तार पर रहेगा फोकस

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को नया नेतृत्व मिल गया है. एविएशन इंडस्ट्री के अनुभवी विली वॉल्श ने सोमवार को कंपनी के सीईओ का पद संभाल लिया. वॉल्श अब इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति, नेटवर्क मजबूत करने और ऑपरेशनल दक्षता बढ़ाने पर फोकस करेंगे.

Advertisement
X
विली वॉल्श ने इंडिगो के सीईओ का पद संभाला. (Photo: X/@IndiGo)
विली वॉल्श ने इंडिगो के सीईओ का पद संभाला. (Photo: X/@IndiGo)

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) में विलियम मैथ्यू वॉल्श (William M. Walsh) ने सोमवार को सीईओ का पद संभाल लिया. कंपनी ने कहा कि वॉल्श एयरलाइन की भविष्य की रणनीतियों और इंटरनेशनल मार्केट में उसके विस्तार की अगुवाई करेंगे.

इंडिगो ने पूर्व सीईओ पीटर एल्बर्स (Peter Albers) के पद छोड़ने के तीन हफ्ते के अंदर, 31 मार्च 2026 को बतौर सीईओ विली वॉल्श के नाम का ऐलान किया था. पिछले साल दिसंबर में इंडिगो एयरलाइन को समय रहते नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के साथ तालमेल नहीं बैठाने के कारण बड़े ऑपरेशनल व्यवधानों का सामना करना पड़ा था.

पायलट और एविएशन इंडस्ट्री के अनुभवी विली वॉल्श हाल में इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के डायरेक्टर जनरल के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करके आए हैं. इंडिगो के मुताबिक सीईओ के तौर पर वह एयरलाइन मैनेजेमेंट और स्ट्रैटेजी की कमान संभालेंगे. उनका फोकस कंपनी को उसके प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त बनाने, ऑपरेशनल कामकाज को और बेहतर बनाने, नेटवर्क और बिजनेस स्ट्रैटेजी मजबूत करने और ग्राहकों का अनुभव बेहतर करने पर रहेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: संकट में इंडिगो, बंद करने जा रही है अपनी वाइड-बॉडी ऑपरेशन, जंग का असर!

पद संभालने के बाद विली वॉल्श ने कहा कि इंडिगो ने पिछले दो दशकों में एक मजबूत विरासत बनाई है और कम समय में दुनिया की सबसे बड़ी एयरलाइंस में अपनी जगह बनाई है. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते एविएशन मार्केट में से एक है और इंडिगो के लिए आगे मौके बहुत बड़े हैं. उनके मुताबिक इंडिगो से जुड़ने के लिए इससे ज्यादा रोमांचक और सही समय नहीं हो सकता. इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया ने कहा कि एविएशन इंडस्ट्री में वॉल्श का लंबा वैश्विक अनुभव और ऑपरेशनल और रणनीतिक समझ कंपनी की अंतरराष्ट्रीय विस्तार योजना में अहम भूमिका निभाएगी.

विली वॉल्श इससे पहले एअर लिंगस, ब्रिटिश एयरवेज और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ रह चुके हैं. वह इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन यानी आईएटीए के डायरेक्टर जनरल भी रहे हैं. इंडिगो 430 से ज्यादा विमानों के साथ हर दिन करीब 2,200 उड़ानें संचालित करती है. वॉल्श के सीईओ बनने के बाद सोमवार सुबह बीएसई में इंडिगो का शेयर 3.72 परसेंट बढ़कर 5,363.35 रुपये पर पहुंच गया. बता दें कि 4 अगस्त को इंडिगो एयरलाइन का 20वां स्थापना वर्ष है. कंपनी ने इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय विस्तार का ऐलान किया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement