भारतीय क्रिकेट के खिलाड़ियों के फैन्स दुनिया भर में मौजूद हैं. पिछले कुछ समय में भारतीय खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में अपना दबदबा बनाया है. महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों की फैन फॉलोइंग दुनिया के हर देश में हैं.
भारत में क्रिकेट के अंदर कॉम्पिटिशन काफी तगड़ा है. यही वजह है कि कई भारतीय मूल के खिलाड़ी दूसरे देशों के लिए क्रिकेट खेलते हुए नजर आ जाते हैं. भारतीय मूल के क्रिकेटर नील पटेल को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ होने वाली अंडर-19 सीरीज के लिए अपनी टीम में चुना है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर-19 का यह दौरा 13 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसके लिए 16 सदस्यीय युवा टीम का ऐलान किया है, जिसमें नील पटेल को अहम जिम्मेदारी मिली है. इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच सीमित ओवर और लाल गेंद दोनों तरह का क्रिकेट खेला जाएंगे.
Australia's U19 team is set for a multi-format tour of India next month, with the chance to build technical skills on different pitches: https://t.co/ubvu4yXrnY pic.twitter.com/rW5hkpvci6
— cricket.com.au (@cricketcomau) August 2, 2026
कौन हैं नील पटेल
नील पटेल मौजूदा समय में न्यू साउथ वेल्स के लिए ओपनिंग बल्लेबाजी करते हैं. जूनियर लेवल पर ही उनकी खेल की समझ ने दिग्गजों का ध्यान खींचा है. यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट क्लब की तरफ से खेलते हुए नील ने महज 16 साल की उम्र में इतिहास रच दिया. उन्होंने सिडनी प्रीमियर क्रिकेट फर्स्ट ग्रेड में एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 से अधिक रन बनाए और ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए.
फर्स्ट-ग्रेड क्रिकेट में जड़ा शतक
हाल ही में उन्होंने फर्स्ट-ग्रेड क्रिकेट में अपना पहला शानदार शतक भी जड़ा है. लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहना और नई गेंद का डटकर सामना करना उनकी सबसे बड़ी खूबी है. बेहतरीन प्रदर्शन के कारण ही उन्हें एडिलेड में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंडर-19 टैलेंट कैंप के लिए चुना गया था. बल्लेबाजी के साथ-साथ वह गेंद से भी टीम के लिए अहम योगदान देने का काम करते रहे हैं.
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम
केसी बार्टन, हेडन बारबुलोविक, एली ब्रेन , विल बायरम , ब्लेक कैटल, जैक ज़ोस्नेक , स्पेंसर ग्रीन, कॉनर ग्रेगरी, चार्ली हेंडरसन, ज़ेड होलिक, मैथ्यू लॉफ , नील पटेल, जैकब पिट्ज़, पैट्रिक सुलिवन , थियो त्सिंगोस, थॉमस वासिओ.