महाराष्ट्र के ठाणे शहर से धोखाधड़ी की एक बड़ी खबर आई है. जहां एक आदमी ने 36 साल की महिला टीचर से करीब 20.44 लाख रुपये ठग लिए. आरोपी ने महिला को नौकरी का झूठा झांसा दिया था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पुलिस ने बताया कि ये पूरा मामला अक्टूबर 2022 से जून 2024 के बीच का है. 33 साल के आरोपी ने सबसे पहले महिला को कलवा इलाके के एक सरकारी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. इसके बदले उसने महिला से 5 लाख रुपये ले लिए.
पैसे लेने के बाद आरोपी ने महिला को एक नकली जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया. आरोपी ने महिला को पोस्ट ऑफिस स्कीम का फ्रेंचाइजी लाइसेंस दिलाने का लालच दिया. इस काम के लिए उसने महिला से 50,000 रुपये और लिए. इसके बदले में भी उसने महिला को फर्जी कागजात दे दिए.
महिला से 20 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी
आरोपी ने महिला को अपने जाल में पूरी तरह फंसा लिया था. उसने महिला के लिए एक घर बुक करने का बहाना बनाया. इस नाम पर उसने महिला से 13 लाख रुपये और ऐंठ लिए. इस तरह आरोपी ने कुल मिलाकर 20 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की.
यह भी पढ़ें: शादी का सपना, ट्रेडिंग का झांसा और लाखों की ठगी... कंबोडिया से चल रहे साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़
महिला को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तो उसने पुलिस में शिकायत की. पीड़िता की शिकायत के आधार पर राबोडी पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने 5 जून को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और ब्रीच ऑफ ट्रस्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच कर रही है.