गुजरात के मेहसाणा जिले से सुसाइड का हैरान कर देने वाला मामला सामने आई है, जहां एक नर्सिंग कॉलेज की 21 वर्षीय छात्रा ने अपने हॉस्टल कमरे में आत्महत्या कर ली. पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार को सामने आई जब छात्रा अपने कमरे में फांसी पर लटकी मिली.
पुलिस ने बताया कि मृत छात्रा की पहचान अस्मिताकुमारी पटेल के रूप में हुई है. वह मूल रूप से वलसाड की रहने वाली थी और मेहसाणा स्थित मर्चेंट नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के तीसरे वर्ष की छात्रा थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
पुलिस निरीक्षक डी आर राव के अनुसार छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है.
इसमें छात्रा ने लिखा कि वह जीवन से परेशान थी, उसके पास कोई उम्मीद नहीं बची थी और वह अपनी जिंदगी खत्म करना चाहती है. पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच का हिस्सा बना लिया है.
परिवार और कॉलेज प्रशासन से पूछताछ जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. छात्रा के परिवार और कॉलेज प्रशासन से भी जानकारी ली जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)