इस हफ्ते थिएटर में कई सारी फिल्में लगने वाली हैं. बॉलीवुड से लेकर साउथ-हॉलीवुड, हर तरह का सिनेमा लोगों को देखने के लिए मिलने वाला है. तमिल सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत भी अपनी जेलर 2 ला रहे हैं, जिसमें ऋतिक रोशन जैसे स्टार का कैमियो है. विद्या बालन, जैकी श्रॉफ और मिथुन चक्रवर्ती जैसे जाने-माने नाम इसमें नजर आने वाले हैं. ये सभी सितारे हिंदी बेल्ट में मशहूर हैं.
जेलर 2 को लेकर इस वक्त एक सनसनीखेज रिपोर्ट मार्केट में घूम रही है. कहा जा रहा है कि ये फिल्म हिंदी भाषा में रिलीज नहीं होने वाली है. यानी नॉर्थ इंडिया में रहने वाले रजनीकांत के फैंस फिल्म को हिंदी में थिएटर पर नहीं देख पाएंगे, फिल्म का ओरिजिनल तमिल वर्जन और बाकी साउथ भाषाओं में रिलीज सामान्य तरीके से होने की उम्मीद है.
हिंदी में क्यों नहीं रिलीज होगी फिल्म?
रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी सबसे बड़ी वजह फिल्म की OTT रिलीज को लेकर हुई डील है. मेकर्स ने फिल्म को थिएटर में रिलीज करने के सिर्फ चार हफ्ते बाद OTT पर लाने का फैसला किया है. यही बात हिंदी मार्केट में बड़ी परेशानी बन गई है. आमतौर पर PVR INOX और Cinepolis जैसे बड़े मल्टीप्लेक्स हिंदी फिल्मों के लिए थिएटर रिलीज और OTT रिलीज के बीच करीब 8 हफ्ते का गैप चाहते हैं.
लेकिन जेलर 2 के मामले में मेकर्स चार हफ्ते बाद ही फिल्म को OTT पर लाना चाहते हैं. इसी वजह से बड़े मल्टीप्लेक्स में फिल्म का हिंदी वर्जन रिलीज करना मुश्किल हो गया है. ऐसे में जो लोग जेलर 2 को हिंदी में देखना चाहते हैं, उन्हें थिएटर की जगह OTT रिलीज का इंतजार करना पड़ सकता है.
फिल्म की रिपोर्टेड डील के मुताबिक, इसे थिएटर रिलीज के करीब चार हफ्ते बाद सभी भाषाओं में OTT पर उपलब्ध कराया जा सकता है. हालांकि, अभी OTT प्लेटफॉर्म और इसकी पक्की स्ट्रीमिंग डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
हिंदी रिलीज पर मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी
जहां एक तरफ मीडिया में जेलर 2 की हिंदी रिलीज पर सस्पेंस बन चुका है, तो वहीं दूसरी तरफ फिल्म की पीआर टीम ने इस विवाद पर सफाई दी है. उन्होंने साफ किया कि रजनीकांत की फिल्म हिंदी डब वाले वर्जन में 15 अक्टूबर, गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के बाकी भाषाओं के वर्जन भी इसी दिन रिलीज किए जाएंगे, जैसा पहले तय किया गया था।
नॉर्थ इंडिया में फिल्म को पेन मरुधर एंटरटेनमेंट डिस्ट्रीब्यूट करेगा. मेकर्स ने कहा है कि हिंदी में फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज को लेकर कोई बदलाव नहीं हुआ है. उन्होंने मीडिया से अपील की है कि फिल्म की रिलीज को लेकर बिना पुष्टि की कोई भी जानकारी शेयर ना करें और सिर्फ सही जानकारी ही आगे बढ़ाएं.
बात करें फिल्म जेलर 2 की, तो इसे नेल्सन दिलीपकुमार ने डायरेक्ट किया है जिन्होंने साल 2023 में आई जेलर भी डायरेक्ट की थी. फिल्म में ऋतिक का कैमियो होगा.