उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी. ओवैसी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते नहीं देखना चाहते. इसके लिए उनकी पार्टी अन्य विपक्षी दलों के साथ हाथ मिलाने को भी तैयार है.
रविवार को शामली जिले के कैराना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, 'हम हरसंभव प्रयास करेंगे कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार न बने.' उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी नहीं चाहती कि योगी आदित्यनाथ तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें. ओवैसी ने यह भी कहा कि अगर अन्य विपक्षी दलों का उद्देश्य भी यही है तो AIMIM उनके साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है.
विपक्षी दलों की चुप्पी पर उठाए सवाल
ओवैसी ने बीजेपी के साथ-साथ विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां अल्पसंख्यकों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को उठाने में नाकाम रही हैं. AIMIM प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के कार्यकाल में मस्जिदों को तोड़ा गया और 'हाफ एनकाउंटर' की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन विपक्षी दल इन मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं. ओवैसी ने सवाल उठाया कि जब अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों से जुड़े ऐसे मुद्दे सामने आ रहे हैं, तो विपक्षी पार्टियां इनके खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठा रही हैं?
अखिलेश यादव पर भी बोला हमला
उन्होंने बदायूं और फिरोजाबाद की लोकसभा सीटों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सीटों से पहले मुस्लिम नेता सांसद बनते थे, लेकिन बाद में अखिलेश यादव के परिवार के सदस्य सांसद बन गए. ओवैसी ने कहा, 'सांसद की पार्लियामेंटरी सीट से सलमान एमपी बनता था, वहां अखिलेश के भाई एमपी बन गए. फिरोजाबाद से मुसलमान एमपी बनता था, वहां अखिलेश के परिवार के लोग एमपी बन गए.'
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनका परिवार मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी पर अपना अधिकार समझता है.
'अखिलेश के परिवार के बच्चों को सीटें गिफ्ट करेगा अब्दुल?'
ओवैसी ने अखिलेश यादव के परिवार पर तंज कसते हुए कहा, 'अखिलेश और उनका परिवार यह कह रहा है कि उनके परिवार में जितने बच्चे-बच्चियां पैदा होंगे, तो तुम्हारा काम यह है अब्दुल! तुम्हारी सालगिरह पर तुम केक नहीं काटना, सांसद और विधायक की सीट हमारे परिवार के बच्चे और बच्चियों को गिफ्ट में दे देना.'