scorecardresearch
 

बिहार के 5 शहरों में प्रोटेस्ट Out Of Control! कहीं लाठीचार्ज, कहीं फायरिंग

नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद बिहार के कई जिलों में छात्रों और विपक्षी दलों के प्रदर्शन हिंसक हो गए. पटना, दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय और जहानाबाद में पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और हवाई फायरिंग की. इस दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए जिसके बाद उपद्रवियों की गिरफ्तारी भी शुरू हो गई है.

Advertisement
X
बिहार में जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन हुए. (Photo- PTI)
बिहार में जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन हुए. (Photo- PTI)

नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का गुस्सा बिहार तक पहुंच गया है. युवाओं में भड़की गुस्से की आग अब बेकाबू होती दिख रही है. बुधवार और गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में छात्रों और विपक्षी दलों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो उठा.

पटना के बाद अब दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय और जहानाबाद में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं. कहीं बेकाबू भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ लाठीचार्ज किया, तो कहीं हवाई फायरिंग और आंसू गैस के गोले छोड़े गए.

दरभंगा के कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टावर चौक तक निकाले गए शांतिपूर्ण मार्च में हिंसा भड़क उठी. प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. जुलूस खत्म होने के बाद लोहिया चौक के पास कुछ उपद्रवियों ने अचानक सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी.

(Photo- ITGD)

दरभंगा में उपद्रवियों को खदेड़कर पीटा गया

हालात को बिगड़ते देख दरभंगा के डीएम कौशल कुमार, SSP जगूनाथ रेड्डी और DIG खुद भारी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतर आए. जब उपद्रवियों ने बात मानने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मी जख्मी होने लगे, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. गलियों में छुप-छुपकर पत्थर फेंक रहे उपद्रवियों को खदेड़-खदेड़ कर पीटा गया और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया.

Advertisement

दरभंगा के DM कौशल कुमार ने बताया, 'सीसीटीवी और वीडियो फुटेज से पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है. उपद्रवियों के साथ-साथ प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले आयोजकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'

दूसरी ओर, प्रदर्शन में शामिल डॉ. रिशु ने सफाई दी कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण था और लौटने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी की, जिनका छात्रों से कोई लेना-देना नहीं है.

कटिहार: कलेक्ट्रेट के बाहर तोड़फोड़, सीओ की आंख में गंभीर चोट

कटिहार में कलेक्ट्रेट के बाहर उग्र छात्रों ने मेन गेट पर जमकर तोड़फोड़ की. हालात को काबू में करने पहुंचे कटिहार अंचल के अंचलाधिकारी (CO) सोनू भगत पर भीड़ ने ईंट-पत्थर और पानी की बोतलों से हमला कर दिया. इस हमले में सोनू भगत की एक आंख में गंभीर चोट आई. पुलिस ने उपद्रवियों को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया.

घायल सीओ ने बताया, 'भीड़ में शामिल लोग छात्र नहीं बल्कि पैसे देकर बुलाए गए उपद्रवी लग रहे थे. प्रदर्शन की कोई अनुमति भी नहीं ली गई थी. बचाव के दौरान आंख में पत्थर या बोतल लगने से ब्लीडिंग और ब्लड क्लॉट जमा हो गया है.' 

जहानाबाद में 10 राउंड फायरिंग

जहानाबाद में भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हिंसक प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों को मशक्कत करनी पड़ी. जहानाबाद के जिलाधिकारी ने पुष्टि की कि उग्र भीड़ पर काबू पाने और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस को 10 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी. उपद्रवियों की पहचान के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है.

Advertisement

बेगूसराय में भी सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी

उधर, बेगूसराय में भी नीट पेपर लीक के विरोध में हजारों की संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी डीएम कार्यालय के बाहर जमा हुए और जमकर नारेबाजी की.

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर से निकल 12 से ज्यादा शहरों तक फैला प्रोटेस्ट, पटना-मुंबई में सैकड़ों FIR

पटना में 3 थानों में FIR दर्ज, 117 की तस्वीरें जारी

बिहार की राजधानी पटना में बीते दिन हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद पुलिस अब सख्त एक्शन मोड में है. पटना पुलिस ने 117 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पटना के तीन अलग-अलग थानों (कोतवाली, गांधी मैदान और सचिवालय) में कुल 268 नामजद और करीब 2,500 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

अब तक 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए दूसरे उपद्रवियों की पहचान की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement